Arijit-Salman Controversy: बॉलीवुड में अपनी आवाज से अलग पहचान बनाने वाले अरिजीत सिंह का सफर जितना खूबसूरत रहा है, उतना ही उतार-चढ़ाव से भरा भी रहा. उनके गानों ने लोगों को प्यार करना सिखाया, तो कई बार वही आवाज विवादों की वजह भी बनी. अरिजीत ने साल 2011 में फिल्म मर्डर 2 के गाने से अपने करियर की शुरुआत की थी और बहुत कम वक्त में इंडस्ट्री के सबसे बड़े सिंगर्स में शुमार हो गए.
लेकिन कामयाबी के इस सफर में एक ऐसा दौर भी आया, जब उनकी एक छोटी-सी बात ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया. आज जब लोग उनके प्लेबैक सिंगिंग से अचानक रिटायरमेंट की खबर से उबर भी नहीं पाए हैं, तब एक बार फिर उनका पुराना विवाद चर्चा में आ गया है, खासकर सलमान खान से जुड़ा किस्सा.
कब और कैसे शुरू हुआ विवाद?
साल 2014 की बात है. एक अवॉर्ड फंक्शन में सलमान खान शो होस्ट कर रहे थे और अरिजीत को स्टेज पर बुलाया गया. अरिजीत थोड़े थके हुए लग रहे थे, तो सलमान ने मजाक में कह दिया, “सो गए थे क्या?” इस पर अरिजीत ने भी हंसते हुए जवाब दिया, “आप लोगों ने सुला दिया यार.”
उस वक्त यह बातचीत बिल्कुल नॉर्मल लगी, लेकिन बाद में यही बात इंडस्ट्री के अंदर बड़ा मुद्दा बन गई. कहा जाता है कि इसी नाराजगी की वजह से सलमान की फिल्म सुल्तान से अरिजीत का रिकॉर्ड किया हुआ गाना हटा दिया गया और उसकी जगह राहत फतेह अली खान का वर्जन इस्तेमाल किया गया.
अरिजीत ने मांगी थी माफी
इस विवाद के बाद अरिजीत ने सोशल मीडिया पर सलमान से माफी भी मांगी थी और साफ किया था कि उनका इरादा कभी भी अपमान करने का नहीं था. हालांकि बाद में उन्होंने वह पोस्ट डिलीट कर दी. वहीं सलमान खान ने भी एक रियलिटी शो में माना था कि यह सब एक गलतफहमी थी. समय के साथ चीजें सुधरीं और अरिजीत ने सलमान की फिल्मों के लिए फिर गाने गाए, जिनमें टाइगर 3 और हालिया फिल्म बैटल ऑफ गलवान का गाना ‘मातृभूमि’ शामिल है.
यह भी पढे़ं: Arijit Singh 2nd Wife: तलाकशुदा और एक बच्चे की मां से की अरिजीत ने दूसरी शादी, जानिए कौन हैं कोयल रॉय?
