Anurag Dobhal: ‘बिग बॉस 17’ से सुर्खियों में आए मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल इन दिनों गहरे विवादों और निजी परेशानियों के चलते चर्चा में हैं. कुछ समय पहले उन्होंने दावा किया था कि कोई उनकी जान लेने की साजिश रच रहा है. अब उन्होंने करीब दो घंटे का एक लंबा वीडियो साझा किया है, जिसे वे अपना “आखिरी व्लॉग” बता रहे हैं. इस वीडियो के बाद उन्होंने गायब हो जाने की आशंका भी जताई, जिससे फैंस की चिंता और बढ़ गई है.
परिवार पर गंभीर आरोप
वीडियो में अनुराग ने अपने परिवार पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए. उनका कहना है कि वे कम उम्र में ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ चुके हैं, लेकिन तब भी पढ़ाई और करियर के लिए संघर्ष करते रहे. उन्होंने अपनी शादी से जुड़ा एक दर्दनाक एक्सपीरियंस भी साझा किया. उनके मुताबिक, शादी से कुछ दिन पहले परिवार ने साथ देने से इनकार कर दिया था और उन्हें अकेले ही सारी तैयारियां करनी पड़ीं.
शादी से पांच दिन पहले बदला माहौल
अनुराग ने बताया कि उनकी और रितिका की बातचीत दोस्ती से शुरू होकर प्यार में बदली और बात शादी तक पहुंची. शुरुआत में परिवार राजी नहीं था, लेकिन बाद में मान गया. हालांकि शादी से ठीक पांच दिन पहले परिवार पीछे हट गया. अनुराग का दावा है कि उस मुश्किल वक्त में उनके माता-पिता उनके साथ नहीं थे.
डिप्रेशन और संपत्ति विवाद का जिक्र
वीडियो में उन्होंने खुद को गहरे डिप्रेशन में बताया और कहा कि कई दिनों से न ठीक से खा पा रहे हैं, न सो पा रहे हैं. अनुराग ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के कुछ लोग उनकी संपत्ति पर नजर रखे हुए हैं. उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी भी दूसरों के बहकावे में आकर उनसे दूर हो गई हैं. अनुराग के इन बयानों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. फैंस उनकी सेहत और मानसिक स्थिति को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं.
यह भी पढे़ं: जालीदार ड्रेस में होली खेलने सड़क पर उतरीं पूनम पांडे, वायरल हुआ लुक
