Akshay Kumar: टीवी से दूरी, फिर शानदार वापसी, 10 साल बाद होस्ट बने अक्षय कुमार

Akshay Kumar: अक्षय कुमार ने करीब 10 साल बाद टीवी पर वापसी करते हुए सोनी टीवी के रियलिटी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ की होस्टिंग शुरू की है. एक्टर ने बताया कि उन्होंने छोटे पर्दे से दूरी क्यों बनाई और कैसे डिसिप्लिन ने उनके करियर और किस्मत की दिशा बदली.

Akshay Kumar: करीब एक दशक के लंबे ब्रेक के बाद अक्षय कुमार ने एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी कर ली है. बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अब सोनी टीवी के नए रियलिटी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ को होस्ट करते नजर आ रहे हैं. शो 27 जनवरी से ऑन एयर हो चुका है और दर्शकों के बीच अच्छी चर्चा बटोर रहा है.

टीवी से अक्षय का पुराना रिश्ता

अक्षय कुमार के करियर में टीवी हमेशा खास जगह रखता रहा है. साल 2004 में उन्होंने ‘सेवन डेडली आर्ट्स विद अक्षय कुमार’ से होस्टिंग की शुरुआत की थी. इसके बाद ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी’ को कई सीजन तक होस्ट किया, जहां उनका एक्शन और एनर्जी दर्शकों को खूब पसंद आई. मास्टरशेफ इंडिया, डेयर 2 डांस और द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज जैसे शोज में भी अक्षय अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आए. हालांकि, 2017 के बाद उन्होंने टीवी से दूरी बना ली थी.

10 साल बाद क्यों किया टीवी कमबैक?

हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने अपनी वापसी की वजह बताई। उन्होंने कहा कि वह कुछ ऐसा करना चाहते थे, जो सच्चा और खुशी से भरा हो. ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ उन्हें इसलिए पसंद आया, क्योंकि यह शो सादगी, समझदारी और फैमिली बॉन्डिंग को सेलिब्रेट करता है. अक्षय के मुताबिक, ये वो वैल्यूज हैं जो उनके दिल के बेहद करीब हैं.

टीवी की बदलती दुनिया पर क्या बोले अक्षय?

अक्षय कुमार का मानना है कि आज का टीवी सिर्फ देखने तक सीमित नहीं रह गया है. अब दर्शक शो का हिस्सा बनना चाहते हैं, खेलना चाहते हैं और जुड़ना चाहते हैं. व्हील ऑफ फॉर्च्यून इसी बदलाव को दर्शाता है, जहां भागीदारी और तेज दिमाग की अहम भूमिका है.

कब बदली अक्षय की किस्मत?

अपनी सफलता को लेकर अक्षय बेहद साफ सोच रखते हैं. उनका कहना है कि किस्मत किसी एक ब्रेक से नहीं बदलती. उनकी जिंदगी तब बदली, जब उन्होंने आराम के बजाय डिसिप्लिन को चुना. एक साधारण बैकग्राउंड से आने वाले अक्षय का मानना है कि समय पर पहुंचना, मेहनत करना और अपने काम के प्रति ईमानदार रहना ही उनकी असली ताकत रही.

अक्षय का वर्कफ्रंट

फिल्मों की बात करें तो अक्षय कुमार जल्द ही प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आएंगे. इस फिल्म में उनके साथ परेश रावल और वामीका गाब्बी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी.

यह भी पढ़ें: Dont Be Shy: ‘इस कहानी में सब कुछ है- रोमांस, हार्टब्रेक और गाने’, आलिया भट्ट की नई फिल्म अनाउंस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pushpanjali

मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हूं. इस दौरान मैं फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों और ट्रेंड्स को कवर कर रही हूं. मेरा मुख्य फोकस ट्रेंडिंग अपडेट्स, फिल्म रिव्यू, और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर रहता है. मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि जटिल और तकनीकी खबरों को भी पाठकों के लिए सरल, रोचक और पठनीय अंदाज में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वे न सिर्फ खबर को समझ सकें बल्कि उससे जुड़े भी महसूस करें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >