Rupali Ganguly Supports Jharkhand Students: झारखंड में जेपीएससी (JPSC), जेएसएससी (JSSC) और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है. छात्र इन मामलों की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. इस बीच अब सीरियल 'अनुपमा' फेम रुपाली गांगुली ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है. उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने और जल्द समाधान निकालने की अपील की है.
रुपाली गांगुली बोलीं- 'बारिश में डटे छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए'
रुपाली गांगुली ने एक्स पर पोस्ट करते हुए छात्रों के हौसले की तारीफ की. उन्होंने लिखा,
झारखंड के छात्र तेज बारिश में भी शांतिपूर्वक न्याय की मांग को लेकर डटे हुए हैं. उनके इस हौसले का सम्मान होना चाहिए, उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए, जवाबदेही तय करनी चाहिए और उनकी मांगों पर कार्रवाई करनी चाहिए. यही छात्र राज्य और देश का भविष्य हैं. मेरी दुआ है कि उन्हें जल्द न्याय मिले और वे उम्मीद के साथ अपने घर लौटें.
क्या है पूरा छात्र आंदोलन?
रांची में चल रहा यह छात्र आंदोलन पहले वापू वाटिका मैदान से छोटे स्तर पर शुरू हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे इसमें पूरे झारखंड के छात्रों का समर्थन जुड़ता गया. 29 जुलाई को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सैकड़ों छात्र तिरंगा लेकर जुटे और नारेबाजी करते हुए हेमंत सोरेन सरकार से जवाबदेही की मांग की. छात्रों का आरोप है कि JPSC, JSSC और अन्य भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं. उनकी मुख्य मांग 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने, TDPL एजेंसी द्वारा कराई गई परीक्षाओं की जांच और पूरे मामले की CBI जांच कराने की है. वहीं, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है.
'अनुपमा' से घर-घर में मिली पहचान
वर्क फ्रंट की बात करें तो रुपाली गांगुली टीवी के सुपरहिट शो 'अनुपमा' में मुख्य भूमिका निभा रही हैं. इस शो ने उन्हें देशभर में नई पहचान दिलाई है और वह लंबे समय से दर्शकों की पसंदीदा एक्ट्रेसेस में शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: TV से गायब हुए तो लगा खत्म हो गया करियर, फिर लौटते ही फिर बन गए TV के सुपरस्टार
