UGC Alert: डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी रैगिंग पर सख्ती, व्हाट्सएप मैसेज भी आएंगे दायरे में

UGC Alert: यूजीसी ने कहा है कि वाट्सएप पर नए छात्रों को परेशान करना भी रैगिंग माना जाएगा. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी. संस्थान अगर ऐसे मामलों को रोकने में विफल रहते हैं, तो उन पर अनुदान रोकने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं.

UGC Alert: कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में नए छात्रों को परेशान करना अब सिर्फ कैंपस तक ही सीमित नहीं रहा. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने अब वाट्सएप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी रैगिंग के खिलाफ सख्त निर्देश जारी किए हैं. यूजीसी ने कहा है कि यदि कोई सीनियर जूनियर्स को वाट्सएप ग्रुप में जोड़कर उन्हें मानसिक तौर पर परेशान करता है, तो उसे भी रैगिंग माना जाएगा और उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. आयोग ने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे ऐसे अनौपचारिक वाट्सएप ग्रुप्स की निगरानी करें, जिनका इस्तेमाल नए छात्रों को डराने या अपमानित करने के लिए किया जाता है.

हर साल मिलती हैं दर्जनों शिकायतें

यूजीसी को हर साल देशभर के कॉलेजों से सीनियर्स द्वारा नए छात्रों को परेशान करने की कई शिकायतें मिलती हैं. इन शिकायतों में वाट्सएप ग्रुप्स के जरिए गालियां देना, ताने कसना, आदेश देना, और नियम न मानने पर धमकी देना जैसी घटनाएं शामिल होती हैं.

यूजीसी ने कहा, “कई बार सीनियर्स ऐसे ग्रुप बनाकर नए छात्रों को परेशान करते हैं और उन्हें सामाजिक बहिष्कार की धमकी तक देते हैं. उन्हें बाल कटवाने, देर रात तक जागने, या अपमान सहने को मजबूर किया जाता है. ये सभी घटनाएं रैगिंग के दायरे में आती हैं.”

कॉलेजों पर भी होगी कार्रवाई

आयोग ने यह भी साफ किया है कि यदि कोई संस्थान रैगिंग रोकने में असफल रहता है, तो उसके खिलाफ भी अनुदान रोकने जैसे सख्त कदम उठाए जा सकते हैं. यूजीसी ने सभी कॉलेजों से कहा है कि वे कैंपस के अंदर और ऑनलाइन माध्यमों पर एंटी-रैगिंग नियमों का सख्ती से पालन कराएं.

Also Read: कहां हुई कितनी बारिश? जानिए मानसून में IMD कैसे मापता है बारिश की हर बूंद

Also Read: Most Educated IPS Officer: भारत के सबसे पढ़े-लिखे IPS ऑफिसर कौन हैं? नाम जानकर दोगुनी कर देंगे तैयारी!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pushpanjali

मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हूं. इस दौरान मैं फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों और ट्रेंड्स को कवर कर रही हूं. मेरा मुख्य फोकस ट्रेंडिंग अपडेट्स, फिल्म रिव्यू, और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर रहता है. मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि जटिल और तकनीकी खबरों को भी पाठकों के लिए सरल, रोचक और पठनीय अंदाज में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वे न सिर्फ खबर को समझ सकें बल्कि उससे जुड़े भी महसूस करें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >