Build New NTA: मई 2026 में NEET UG एग्जाम पेपर लीक की वजह से रद्द करके दोबारा कराना पड़ा था. लाखों स्टूडेंट्स की मेहनत, समय और भरोसा एक झटके में हिल गया था. जंतर-मंतर पर छात्र संगठनों ने बड़ा प्रदर्शन भी किया और NTA को भंग करने तक की मांग उठाई गई. ऐसे में आइए समझते हैं Build New NTA क्या है और इसकी जरूरत क्यों पड़ी.
Build New NTA की क्यों पड़ी जरूरत एक नजर में देखें
| वजह | डिटेल |
| NEET UG पेपर लीक | मई 2026 में एग्जाम पेपर लीक की वजह से परीक्षा रद्द करके दोबारा करानी पड़ी |
| UGC NET में देरी | एग्जाम खत्म होने के बाद भी आंसर की और रिजल्ट में लंबी देरी हुई, कोई ऑफिशियल टाइमलाइन नहीं दी गई |
| छात्र प्रदर्शन | जंतर-मंतर समेत कई जगह छात्र संगठनों ने भ्रष्टाचार और गड़बड़ी के आरोप लगाकर विरोध जताया |
| 47 अधिकारी बर्खास्त | पेपर लीक और धांधली के आरोपों में शिक्षा मंत्रालय ने 47 अधिकारियों को नौकरी से हटाया |
| डायरेक्टर जनरल बदले | बार-बार विवादों के बाद टॉप लीडरशिप में फेरबदल हुआ और अब अभिषेक सिंह नए DG हैं |
| साइबर सिक्योरिटी की कमी | अब तक कोई डेडिकेटेड CISO नहीं था, जिससे डेटा और पेपर सिक्योरिटी को लेकर सवाल उठे |
| टेस्ट सेंटर की निगरानी कमजोर | 500+ शहरों के परीक्षा केंद्रों के लिए मजबूत मॉनिटरिंग सिस्टम की कमी उजागर हुई |
| विजिलेंस सिस्टम की कमी | अंदरूनी गड़बड़ियों की जांच और डिजिटल फोरेंसिक के लिए अलग टीम की कमी रही |
| डेटा और रिसर्च बेस कमजोर | फैसले और कम्युनिकेशन के लिए मजबूत रिसर्च और डेटा फाउंडेशन की कमी रही |
| जनता का भरोसा टूटा | बार-बार सामने आई गड़बड़ियों से करोड़ों स्टूडेंट्स और पेरेंट्स का एजेंसी पर भरोसा कमजोर हुआ |
| संस्थागत ढांचे में खामी | एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एजेंसी का पुराना ढांचा बड़े पैमाने पर परीक्षाएं कराने के लिए पर्याप्त नहीं था |
"Build New NTA" में किन पदों पर होगी भर्तियां?
इस भर्ती अभियान के तहत कई अहम पदों पर आवेदन मांगे गए हैं-
- असेसमेंट, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और साइकोमेट्रिक्स के लिए जनरल मैनेजर
- टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशंस के लिए जनरल मैनेजर
- इनफॉर्मेशन सिक्योरिटी यानी CISO के लिए जनरल मैनेजर
- विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन और फोरेंसिक्स के लिए जनरल मैनेजर
- ज्वाइंट डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर, असिस्टेंट डायरेक्टर और रिसर्च साइंटिस्ट 'C' जैसे पद
यहां एक जरूरी बात समझनी होगी. NTA की भर्ती पूरी तरह ओपन नहीं है. ये पोस्ट डेप्युटेशन वैकेंसी हैं, यानी सिर्फ वही सरकारी अधिकारी अप्लाई कर सकते हैं जो पहले से किसी सरकारी विभाग में तय शर्तों के साथ कार्यरत हैं. आम कैंडिडेट्स के लिए ये भर्ती सीधे लागू नहीं होती.
ये भी पढ़ें: NEET का चैप्टर बंद, UGC NET का क्या? 7.25 लाख कैंडिडेट्स कर रहे इंतजार
कुछ पदों पर ओपन वैकेंसी
NTA में Data Analyst cum Media Monitoring Executive की भर्ती
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) अपनी Communications & Outreach टीम को मजबूत करने के लिए Data Analyst cum Media Monitoring Executive पद पर भर्ती कर रही है. यह नौकरी नई दिल्ली स्थित NTA मुख्यालय में होगी और कॉन्ट्रैक्ट की अवधि शुरुआत में 2 साल की होगी, जिसे आगे बढ़ाया जा सकता है.
इस पद पर काम करने वाले व्यक्ति को सोशल मीडिया और न्यूज में NTA, JEE Main, NEET UG, CUET और UGC NET जैसी परीक्षाओं से जुड़ी खबरों और लोगों की प्रतिक्रिया पर नजर रखनी होगी. सोशल मीडिया का सेंटिमेंट, रीच और एंगेजमेंट का डेटा समझना, डैशबोर्ड और रिपोर्ट तैयार करना और गलत या वायरल खबरों की पहचान करना भी जिम्मेदारी में शामिल है
कौन कर सकता है अप्लाई?
उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में मास्टर डिग्री और कम से कम 3 साल का अनुभव होना चाहिए. Excel, SQL, Power BI/Tableau और मीडिया मॉनिटरिंग टूल्स की जानकारी जरूरी है. आवेदन की आखिरी तारीख 21 अगस्त 2026 है.
X पर कैसा रहा रिएक्शन
जब NTA ने अपने ऑफिशियल हैंडल @NTA_Exams से ये भर्ती पोस्ट शेयर की, तो कमेंट सेक्शन में भर्ती से ज्यादा चर्चा एक दूसरे मुद्दे पर होने लगी. कई स्टूडेंट्स ने कमेंट में हायरिंग पोस्ट के जवाब में UGC NET की पेंडिंग आंसर की जल्द जारी करने की मांग रखी. कई यूजर्स ने पूछा कि जब पुराने सवालों के जवाब नहीं मिले, तो नई भर्ती से भरोसा कैसे लौटेगा.
UGC NET आंसर की और रिजल्ट की मांग
एक X यूजर ने Build New NTA की पोस्ट पर कमेंट करते हुए कहा है, "NTA, यह मत भूलिए कि हर UGC NET रोल नंबर के पीछे एक ऐसा छात्र है, जिसने मेहनत की है और अब अपने भविष्य के फैसले का इंतजार कर रहा है. इसलिए Answer Key और Result जारी कीजिए."
स्टूडेंट्स के मन में उठ रहे सवाल
- सोशल मीडिया पर स्टूडेंट्स इस पूरे प्लान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं-
- भर्ती से भरोसा वापस आएगा या सिर्फ दिखावा होगा?
- जो अधिकारी पहले जिम्मेदार थे, उनकी जवाबदेही कब तय होगी?
- सिर्फ सीनियर पोस्ट भरने से क्या जमीनी स्तर की गड़बड़ियां रुक जाएंगी?
- सुधार सच में स्ट्रक्चरल है या सिर्फ हेडलाइन मैनेजमेंट?
ये भी पढ़ें: UGC NET June 2026 Answer Key में देरी से बढ़ी छात्रों की चिंता, एडमिशन और JRF पर पड़ा असर
