मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के सामने आर्थिक चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं. रांची के रातू निवासी 23 वर्षीय अंकित आशीष मिश्रा ने इसे सच कर दिखाया है. सामान्य परिवार से आने वाले अंकित ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित CAPF 2025 परीक्षा में ऑल इंडिया 236वीं रैंक हासिल की है. अपने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल करने वाले अंकित अब केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर सेवाएं देंगे.
From Tea Stall to UPSC: माता-पिता ने बेटे को पढ़ाया
अंकित की सफलता इसलिए खास है, क्योंकि उनके माता-पिता रातू में चाय की दुकान चलाकर परिवार का खर्च चलाते हैं. उनके पिता प्रेम प्रकाश मिश्रा और मां ऊषा देवी ने पैसों की कमी होने के बावजूद बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. दोनों ने मेहनत कर अंकित को पढ़ाया और हर कदम पर उनका साथ दिया. आज बेटे की सफलता ने पूरे परिवार की मेहनत को एक बड़ी उपलब्धि में बदल दिया है.
ये भी पढ़ें: 8+ CGPA लाओ और स्कूटी ले जाओ, UP की 50 हजार मेधावी छात्राओं के लिए योगी सरकार का 'खास तोहफा'
काठीटांड़ से दिल्ली तक का सफर
अंकित पढ़ाई के प्रति शुरू से ही गंभीर और अनुशासित रहें हैं. उन्होंने काठीटांड़ स्थित शिशु मंदिर से 10वीं की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से इंटर की पढ़ाई की. आगे उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची से केमिस्ट्री ऑनर्स में बीएससी (BSc) की डिग्री हासिल की.
ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2024-25 में अंकित कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी के लिए दिल्ली चले गए. वहां उन्होंने पढ़ाई और कड़ी मेहनत के साथ CAPF परीक्षा की तैयारी की. बता दें की अंकित पहले प्रयास के अनुभव से सीख लेते हुए उन्होंने दूसरे प्रयास में अपनी कमियों पर काम किया और (AIR) ऑल इंडिया 236वीं रैंक हासिल कर ली.
From Tea Stall to UPSC: माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता पर अंकित ने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता के त्याग, परिवार के सहयोग और आशीर्वाद को दिया है. रिजल्ट आने के बाद रातू स्थित उनके घर में खुशी का माहौल है. बेटे की कामयाबी पर मां ऊषा देवी और पिता प्रेम प्रकाश मिश्रा की आंखों में खुशी साफ नजर आई. अंकित की सफलता क्षेत्र के उन स्टूडेंट्स के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों(Limited Resources) के बावजूद बड़े सपने देखते हैं.
ये भी पढ़ें: हाथ में गीता, गले में मेडल, हरे कृष्ण का जाप करते-करते IITian चिराग बन गए टॉपर
