NEET UG 2026: नीट यूजी परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी खबर है. भारत सरकार की मंजूरी के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है. अब यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी. पुनर्परीक्षा की नई तारीखें बाद में अलग से घोषित की जाएंगी.
NTA ने जारी किया नोटिस
जारी नोटिस के अनुसार, NTA ने कहा कि 3 मई को आयोजित नीट यूजी परीक्षा रद्द की जा रही है. एजेंसी ने कहा कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नई तारीखों की घोषणा अलग से की जाएगी. बता दें, यह फैसला ऐसे समय में लिया जा रहा है जब पेपर लीक की खबरें सामने आ रही हैं.
NTA ने कहा है कि 8 मई को ही मामले को केंद्रीय एजेंसियों के पास जांच के लिए भेज दिया गया था. इसके बाद एजेंसियों से मिले इनपुट और जांच रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया. एजेंसी का कहना है कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठ चुके थे और ऐसे में परीक्षा को जारी रखना सही नहीं होता.
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
अब इस पूरे मामले की जांच CBI करेगी. केंद्र सरकार ने केस को Central Bureau of Investigation को सौंपने का फैसला लिया है. NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को हर जरूरी रिकॉर्ड और जानकारी उपलब्ध कराएगी.
NTA ने आवेदन और शुल्क को लेकर साझा की जानकारी
NTA ने NEET UG 2026 परीक्षा रद्द करने के साथ यह भी स्पष्ट किया है कि मई 2026 सत्र के दौरान किए गए रजिस्ट्रेशन, उम्मीदवारों की जानकारी और चुने गए परीक्षा केंद्र दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए भी मान्य रहेंगे. ऐसे में स्टूडेंट्स को परेशान होने की जरूरत नहीं है. साथ ही एजेंसी ने बताया कि स्टूडेंट्स से कोई एक्स्ट्रा शुल्क नहीं लिया जाएगा.
ऑफिशियल वेबसाइट से लें जानकारी
नीट परीक्षा रद्द करने के बाद एनटीए ने उम्मीदवारों और उनके माता-पिता से रिक्वेस्ट की है कि NEET परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए सोशल मीडिया पर भरोसा न करें. NTA द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर और ऑफिशियल वेबसाइट पर ही भरोसा जताएं. पेरेंट्स हेल्पलाइन: neet-ug@nta.ac.in | 011-40759000 / 011-69227700. ऑफिशियल वेबसाइट का पता है, neet.nta.nic.in
क्या है पूरा मामला?
NTA द्वारा परीक्षा रद्द किए जाने का फैसला पेरर लीक के बाद लिया गया. NTA ने पूर्व में बताया था कि 7 मई 2026 की रात NEET UG परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जानकारी मिली थी. इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान राजस्थान में NEET UG से जुड़ा कथित “गेस पेपर” सामने आया.
राजस्थान SOG के ADGP विशाल बंसल ने बताया कि जांच में करीब 410 सवालों वाला एक PDF कई छात्रों के मोबाइल फोन में मिला था. दावा किया गया था कि इनमें से लगभग 120 सवाल केमिस्ट्री सेक्शन में सीधे परीक्षा में पूछे गए थे, जिसने एजेंसी समेत स्टूडेंट्स और माता-पिता की चिंता बढ़ा दी.
एक महीने पहले पहुंच चुका था गेस पेपर
जांच एजेंसियों के अनुसार, करीब 150 पेज का यह PDF परीक्षा से लगभग एक महीने पहले ही WhatsApp के जरिए कुछ छात्रों तक पहुंच गया था. डॉक्यूमेंट्स में 400 से ज्यादा सवाल शामिल थे.
कब हुई थी परीक्षा?
नीट यूजी परीक्षा 3 मई 2026 को (रविवार) के दिन देशभर के विभिन्न केंद्रों पर हुई थी. NTA के अनुसार, परीक्षा कड़ी निगरानी के साथ भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,432 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की गई थी. इस परीक्षा के लिए करीब 22.79 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन किया था.
NTA ने अनुसार, देशभर में 96.92% उपस्थिति दर्ज की गई थी. कुल 22,75,011 में से 22,05,035 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे. वहीं अब परीक्षा के रद्द किए जाने से छात्रों में तनाव का माहौल है.
यह भी पढ़ें- NEET UG में गेस पेपर से 120 सवाल मैच होने से बढ़ी टेंशन, जांच के घेरे में पूरा एग्जाम सिस्टम
