CUET UG 2026 परीक्षा का आयोजन National Testing Agency यानी NTA करती है, लेकिन कॉलेजों में एडमिशन की कटऑफ NTA जारी नहीं करता. कटऑफ संबंधित विश्वविद्यालय और संस्थान खुद तय करते हैं. इसलिए छात्रों को अलग-अलग यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी होगी.
CUET UG में NTA का क्या होता है काम?
NTA का काम केवल CUET UG परीक्षा का आयोजन करना, आंसर की जारी करना और रिजल्ट घोषित करना होता है. परीक्षा में मिले स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को स्कोर कार्ड दिया जाता है.
इसके बाद एडमिशन की प्रक्रिया संबंधित विश्वविद्यालय अपने नियमों के अनुसार पूरी करते हैं. यानी किस कॉलेज में कितने अंकों पर एडमिशन मिलेगा, इसका फैसला NTA नहीं बल्कि यूनिवर्सिटी करती है.
फिर कटऑफ कौन जारी करता है?
CUET UG के जरिए एडमिशन देने वाले केंद्रीय विश्वविद्यालय, राज्य विश्वविद्यालय, डीम्ड यूनिवर्सिटी और अन्य भाग लेने वाले संस्थान अपनी-अपनी कटऑफ जारी करते हैं.
उदाहरण के तौर पर अगर आपने दिल्ली यूनिवर्सिटी, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी या इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में आवेदन किया है तो इन संस्थानों की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कटऑफ और काउंसलिंग से जुड़ी जानकारी देखनी होगी. हर कॉलेज में सीटों की संख्या, छात्रों की पसंद और आवेदनों की संख्या अलग होती है. इसी वजह से सभी संस्थानों की कटऑफ भी अलग-अलग होती है.
कॉलेज कैसे मिलेगा?
CUET UG स्कोर जारी होने के बाद उम्मीदवारों को संबंधित विश्वविद्यालय की एडमिशन प्रक्रिया में हिस्सा लेना होगा. कई विश्वविद्यालय अपने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शुरू करते हैं. इसके बाद छात्रों को अपनी पसंद के कोर्स और कॉलेज का चयन करना होता है.
विश्वविद्यालय मेरिट सूची तैयार करते हैं और उसी के आधार पर सीट आवंटित की जाती है अगर पहली मेरिट सूची में नाम नहीं आता है तो घबराने की जरूरत नहीं है. कई विश्वविद्यालय दूसरी, तीसरी और स्पॉट राउंड की सूची भी जारी करते हैं.
ऐसे चेक करें कॉलेज की कटऑफ
- सबसे पहले उस विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं, जहां एडमिशन लेना चाहते हैं.
- एडमिशन या CUET UG सेक्शन पर क्लिक करें.
- Cut-Off, Merit List या Seat Allocation लिंक को खोलें.
- संबंधित कोर्स और कैटेगरी की कटऑफ देखें.
- भविष्य के लिए PDF डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें.
- काउंसलिंग और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीख भी जरूर नोट कर लें.
CUET UG की गाइडलाइंस क्या है?
CUET UG का रिजल्ट आने के बाद केवल NTA की वेबसाइट देखने से काम नहीं चलेगा. जिस-जिस विश्वविद्यालय में आपने आवेदन किया है, उनकी वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें.
काउंसलिंग, मेरिट लिस्ट, सीट अलॉटमेंट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीखें मिस न करें. जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें और अपने स्कोर के अनुसार बैकअप कॉलेजों का विकल्प भी सोचकर रखें.
कुल मिलाकर, NTA CUET UG की कटऑफ जारी नहीं करता. कॉलेज में एडमिशन पाने के लिए छात्रों को संबंधित विश्वविद्यालय की कटऑफ और काउंसलिंग प्रक्रिया पर नजर रखनी होगी. सही समय पर सही जानकारी मिलने से एडमिशन की राह काफी आसान हो सकती है.
यह भी पढ़ें: CUET UG 2026 का रिजल्ट जारी, cuet.nta.nic.in पर करें चेक
