बिहार चुनाव से पहले ईओयू ने बनाई चार विशेष सेल, नकदी से लेकर सोशल मीडिया तक पर रहेगी पैनी नजर

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस मुख्यालय ने कड़ा कदम उठाया है. आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) के तहत चार विशेष सेल बनाए गए हैं, जो नकदी और फर्जी मुद्रा के लेनदेन से लेकर मादक पदार्थों की तस्करी और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट तक पर नजर रखेंगे.

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. चुनावी माहौल में निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) के तहत चार विशेष सेल का गठन किया गया है.

ईओयू के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि ये सेल मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध, इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और फर्जी मुद्रा या अवैध नकदी के लेनदेन पर रोकथाम के लिए बनाए गए हैं. उन्होंने कहा कि इन सेल को अलग-अलग स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी दी गई है, जो पूरे राज्य के थानों से समन्वय स्थापित कर रोजाना रिपोर्ट तैयार करेंगे.

बैठक में लिया गया फैसला

हाल ही में केंद्र और राज्य की विशेष एजेंसियों- जैसे आयकर विभाग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और सशस्त्र सीमा बल के साथ समन्वय बैठक भी की गई, जिसमें चुनाव के दौरान संभावित अवैध गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा हुई. सभी एजेंसियों को सहयोग के लिए एक साझा मंच पर लाया गया है.

सोशल मीडिया की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर

चुनाव के दौरान अक्सर भारी मात्रा में नकदी और अन्य अवैध साधन मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए उपयोग किए जाते हैं. इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- फेसबुक, एक्स (ट्विटर), यूट्यूब आदि पर भ्रामक और भड़काऊ संदेश फैलाने की भी आशंका रहती है. इस बार गठित विशेष सेल इन दोनों तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेगा.

ईओयू के अनुसार, चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए मॉनिटरिंग का दायरा और सख्त किया गया है. इन सेल की सतत निगरानी सीधे पुलिस मुख्यालय स्तर पर होगी और हर कार्रवाई का रिकॉर्ड रखा जाएगा.

काले धन के इस्तेमाल पर लगेगी लगाम

विशेषज्ञ मानते हैं कि इस पहल से जहां चुनाव में काले धन के इस्तेमाल पर लगाम लगेगी, वहीं अफवाह फैलाने वालों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा. बिहार में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव संभावित हैं, ऐसे में यह कदम राज्य के चुनावी माहौल को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा.

Also Read: गयाजी से मिलेगी बिहार को नई रफ्तार! पीएम मोदी देंगे 12 हजार करोड़ की सौगात, गया-दिल्ली अमृत भारत ट्रेन को भी दिखाएंगे हरी झंडी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >