सुबह-सुबह ऑफिस जाने के लिए निकले हों और बाइक अचानक चलते-चलते झटके लेने लगे, तो मूड खराब होना तय है. कई बार बाइक थोड़ी दूर सही चलती है और फिर ऐसा लगता है जैसे पेट्रोल खत्म हो रहा हो. मैकेनिक के पास जाने पर वो अक्सर बड़ा खर्चा बता देते हैं, लेकिन हर बार वजह इंजन की खराबी नहीं होती. आजकल पेट्रोल पंपों पर 20 पर्सेंट एथेनॉल यानी E20 पेट्रोल मिल रहा है. अगर आपकी बाइक या स्कूटर थोड़ी पुरानी है, तो यह पेट्रोल आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है. आइए जानते हैं, कि बिना वजह मैकेनिक को पैसे दिए आप घर बैठे इस दिक्कत को कैसे समझकर ठीक कर सकते हैं.
बाइक या स्कूटर झटके क्यों लेती है?
- पेट्रोल में पानी की मिलावट: एथेनॉल की आदत होती है कि वो हवा में मौजूद नमी यानी पानी को सोख लेता है. जब बाइक 2-3 दिन खड़ी रहती है, तो टंकी के नीचे पानी बैठ जाता है. जब यह पानी पेट्रोल के साथ इंजन में जाता है, तो बाइक झटके लेने लगती है.
- स्पार्क प्लग में कचरा: अगर स्पार्क प्लग पर काला कार्बन या पेट्रोल जम जाए, तो करंट सही से नहीं मिलता. इससे बाइक में मिसिंग शुरू हो जाती है.
- गंदा एयर फिल्टर: अगर एयर फिल्टर में धूल जम जाए, तो इंजन को सही हवा नहीं मिलती. बिना हवा के पेट्रोल सही से जलता नहीं है और बाइक रुक-रुक कर चलती है.
मैकेनिक के पास जाने से पहले करें ये काम
स्पार्क प्लग खोलकर कपड़े से साफ करें और कट की दूरी सही रखें. टंकी का पेट्रोल किसी पारदर्शी बोतल में निकालें, नीचे बैठा पानी साफ दिख जाएगा. साइड पैनल खोलकर एयर फिल्टर निकालें और उसे झाड़कर साफ कर लें.
इस परेशानी से बचने के आसान उपाय क्या हैं?
- टंकी खाली न रखें: अपनी बाइक में हमेशा आधा टैंक से ज्यादा पेट्रोल रखें. कम पेट्रोल रहने पर नमी जल्दी पानी बन जाती है.
- बाइक ढककर खड़ी करें: अगर बाइक को धूप या बारिश में 3-4 दिन खड़ा रखना पड़े, तो फ्यूल का स्विच बंद कर दें.
- सही पेट्रोल पंप चुनें: जहां ज्यादा गाड़ियां आती-जाती हों, वहीं से पेट्रोल भरवाएं ताकि ताजा और बढ़िया क्वालिटी का पेट्रोल मिले. अगर आप ये छोटे काम खुद कर लेंगे, तो मैकेनिक के फालतू खर्चे से बच जाएंगे और आपकी बाइक हमेशा स्मूथ चलेगी.
ये भी पढ़ें:ABS वाली बाइक बारिश में क्यों मानी जाती है ज्यादा सेफ? जानें CBS से कितना अलग है सिस्टम
