बेंगलुरु की इलेक्ट्रिक व्हीकल स्टार्टअप River Mobility के लिए जून 2026 अब तक का सबसे शानदार महीना साबित हुआ है. कंपनी ने इस दौरान अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर River Indie की 4,436 यूनिट्स की रिटेल बिक्री दर्ज की. ये लॉन्च के बाद का अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है. इससे पहले कंपनी ने मार्च 2026 में 4,273 यूनिट्स बेचकर अपना रिकॉर्ड बनाया था. अक्टूबर 2023 में लॉन्च होने के बाद से अब तक River Indie की कुल 43,805 यूनिट्स बिक चुकी हैं. इसी शानदार परफॉरमेंस की बदौलत River Mobility भारत की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनियों की रैंकिंग में सातवें स्थान पर पहुंच गई है.
हर तिमाही बढ़ रही है River Indie की डिमांड
River Mobility की ग्रोथ पिछले कुछ सालों में लगातार तेज हुई है. कंपनी ने साल 2025 में अपनी River Indie इलेक्ट्रिक स्कूटर की 17,020 यूनिट्स बेची थीं. लेकिन 2026 में कंपनी की रफ्तार और भी ज्यादा बढ़ गई है. साल 2026 की पहली तिमाही (Q1) में River ने 9,607 स्कूटर ग्राहकों तक पहुंचाए. वहीं दूसरी तिमाही (Q2) में यह आंकड़ा बढ़कर 11,776 यूनिट्स तक पहुंच गया. यानी सिर्फ 6 महीनों में ही कंपनी ने कुल 23,722 River Indie स्कूटर बेच दिए. दिलचस्प बात यह है कि यह आंकड़ा अब तक बिकी इस स्कूटर की कुल लाइफटाइम सेल्स का करीब 54% है.
River Indie की खूबियां
- 43 लीटर का बड़ा स्टोरेज: सीट के नीचे 43 लीटर का स्पेस मिलता है, जिसमें हेलमेट, बैग और रोजमर्रा का सामान आसानी से रखा जा सकता है.
- 12 लीटर का लॉकेबल ग्लवबॉक्स: फ्रंट में अलग से लॉक होने वाला ग्लवबॉक्स दिया गया है, जहां छोटे और जरूरी सामान सेफ रख सकते हैं.
- 4 kWh की बैटरी: स्कूटर में 4 kWh का बैटरी पैक मिलता है.
- 163 km तक की IDC रेंज: कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर 163 km तक चल सकता है.
- रियल लाइफ में करीब 120 km की रेंज: शहर के ट्रैफिक और नॉर्मल यूज में लगभग 120 किमी तक की रेंज मिल जाती है.
- 6.7 kW की पीक पावर: बेहतर पिकअप और स्मूद परफॉर्मेंस के लिए 6.7 kW की मोटर दी गई है.
- 90 kmph की टॉप स्पीड: शहर के साथ-साथ कभी-कभी हाईवे पर भी इसे आराम से चलाया जा सकता है.
- चौड़ी और आरामदायक सीट: लंबी दूरी की राइड के दौरान भी थकान कम होती है और अच्छा कंफर्ट मिलता है.
- 6-इंच LCD डिस्प्ले: राइडिंग के दौरान स्पीड, बैटरी और दूसरी जरूरी जानकारी आसानी से दिखाई देती है.
- 3 राइडिंग मोड: स्कूटर में Eco, Ride और Rush जैसे तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: Ather का सबसे सस्ता EV स्कूटर EL01 इस दिन होगा लॉन्च, कन्फर्म हुई डेट
