नई-नई कार खरीदने के बाद ज्यादातर लोग उसे बच्चे की तरह संभालकर रखते हैं. छोटी-सी खरोंच भी न आए, इसके लिए बड़े आराम से ड्राइव करते हैं. लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो नई कार की असली पावर पहले ही दिन परखने निकल पड़ते हैं. ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है. दरअसल, एक शख्स ने अपनी नई Tata Sierra.ev की डिलीवरी ली. इसके अगले ही दिन वह इसे राजस्थान के जयपुर के पास सांभर झील के सूखे तल (Dry Lake Bed) पर पहुंचा दिया. यहां उसने इलेक्ट्रिक SUV के साथ जमकर ड्रिफ्टिंग की और उसकी परफॉर्मेंस का खुलकर टेस्ट लिया. आइए देखते हैं वीडियो.
EV Yatra ने शेयर किया Tata Sierra.ev का पहला एक्सपीरियंस
Tata Sierra.ev की डिलीवरी का यह वीडियो YouTube चैनल EV Yatra पर शेयर किया गया है. वीडियो की शुरुआत में व्लॉगर अपनी Tata Nexon.ev Red Dark Edition से टाटा मोटर्स की डीलरशिप पर पहुंचते हैं. कुछ देर बाद वह अपने परिवार के साथ डीलरशिप पर आते हैं, जहां बिल्कुल नई Tata Sierra.ev मेन गेट पर उसका इंतजार करती नजर आती है.
इसके बाद व्लॉगर बताते हैं कि सबसे पहले वह नई Sierra.ev को मंदिर ले जाकर पूजा-अर्चना करेंगे. हालांकि, इसके बाद कार को दोबारा डीलरशिप पर वापस कर दिया जाएगा. इसकी वजह बताते हुए वह कहते हैं कि फिलहाल कार का लोन प्रोसेस पूरा नहीं हुआ है. जैसे ही दिन में लोन की प्रोसेस पूरी हो जाएगी, वह दोबारा डीलरशिप पर पहुंचकर अपनी Tata Sierra.ev की ऑफिसियल डिलीवरी ले लेंगे.
सांभर झील पर दिखा Sierra.ev का ड्रिफ्ट मोड
वीडियो का अगला हिस्सा अगले दिन से शुरू होता है. वह अपनी नई Tata Sierra.ev को लेकर राजस्थान के जयपुर से करीब 80 km दूर सांभर झील के लिए निकल पड़ते हैं. सफर के दौरान वह कार की बैटरी का स्टेटस भी दिखाते हैं. उस समय बैटरी 67% थी और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर 269 km की ड्राइविंग रेंज दिखाई दे रही थी. इसके बाद व्लॉगर सांभर झील पहुंचते हैं और बताते हैं कि अब वह Sierra.ev के साथ मिलने वाले ड्रिफ्ट मोड (Drift Mode) को आजमाने वाले हैं. ड्रिफ्ट शुरू करने से पहले सभी पैसेंजर कार से बाहर उतर जाते हैं. फिर वह कार को ड्रिफ्ट करते हैं.
रेत के टीलों पर भी दिखी शानदार पकड़
वीडियो में जब Sierra.ev को बाहर से ड्रिफ्ट करते हुए दिखाया जाता है, तब इसकी असली पावर साफ नजर आती है. इलेक्ट्रिक SUV बेहद स्मूद और कंट्रोल्ड तरीके से ड्रिफ्ट करती दिखाई देती है. इतना ही नहीं, ड्राइवर ने Sierra.ev से रिवर्स ड्रिफ्ट और फिगर-8 जैसे मुश्किल स्टंट भी किए. सिर्फ ड्रिफ्टिंग ही नहीं, Sierra.ev को हल्की-फुल्की ऑफ-रोडिंग पर भी आजमाया गया. वीडियो में यह SUV रेत के टीलों पर बिना किसी परेशानी के आसानी से दौड़ती नजर आती है. अलग-अलग तरह के रास्तों पर भी इसकी पकड़ और परफॉर्मेंस काफी दमदार दिखी.
