महिंद्रा इन दिनों अपनी नई SUV रेंज पर जोर-शोर से काम कर रही है. इन्हीं में से एक है Vision S. इसे पिछले साल कॉन्सेप्ट मॉडल के तौर पर पेश किया गया था. इसके टेस्ट म्यूल को भारतीय सड़कों पर कई बार देखा जा चुका है. अब ऐसा लग रहा है कि कंपनी इसकी प्रोडक्शन-रेडी SUV लॉन्च करने के काफी करीब पहुंच गई है. हाल ही में एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें महिंद्रा की आने वाली Vision S पहाड़ी इलाकों में टेस्टिंग करती हुई दिखाई दे रही है. आइए देखते हैं वीडियो को.
देखें वीडियो
इस वीडियो को Adventure Addicted ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है. वीडियो रिकॉर्ड करने वाले शख्स ने बताया कि रोड ट्रिप के दौरान स्पीति इलाके में उसकी नजर इस पूरी तरह से कैमोफ्लाज SUV पर पड़ी. वीडियो में दिख रही SUV को देखकर माना जा रहा है कि यह Mahindra Vision S है.
खास बात यह है कि इसका डिजाइन अब तक सामने आए टेस्ट म्यूल्स से थोड़ा अलग नजर आता है. सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट लुक में दिखा है. पहले दिखे टेस्ट म्यूल्स के मुकाबले इसमें नई हेडलाइट्स और अलग ग्रिल देखने को मिलती हैं. इसकी हेडलाइट्स का डिजाइन काफी हद तक पिछले साल पेश किए गए कॉन्सेप्ट मॉडल से मिलता-जुलता दिखाई देता है.
नई Mahindra SUV का फ्रंट डिजाइन
Mahindra की इस नई SUV का फ्रंट लुक काफी शानदार नजर आता है. इसमें 7-शेप वाला ऑल-LED लाइटिंग सेटअप दिया गया है, जिसमें नीचे की ओर बढ़ते LED DRLs और टर्न इंडिकेटर्स इसे अलग लुक देते हैं. वहीं, फ्रंट ग्रिल भी पहले दिखे टेस्ट मॉडल्स के मुकाबले थोड़ा बदला हुआ नजर आता है. इसमें वर्टिकल स्लैट्स के साथ बीच में एक मोटी स्ट्रिप दिखाई देती है, जहां फाइनल मॉडल में महिंद्रा का लोगो देखने को मिल सकता है.
फ्रंट बंपर के निचले हिस्से में रडार मॉड्यूल का कवर भी साफ नजर आता है. इसके अलावा, फ्रंट विंडशील्ड पर लगा कैमरा इस बात का संकेत देता है कि कंपनी इस SUV में लेवल-2 ADAS जैसे एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स दे सकती है. वीडियो में SUV का ग्राउंड क्लीयरेंस भी काफी शानदार नजर आता है.
नई Mahindra SUV का रियर डिजाइन
वीडियो में SUV का बॉक्सी और दमदार लुक साफ नजर आता है. जैसे ही कैमरा पीछे की तरफ जाता है, इसकी चौड़ी रियर फेंडर्स, लगभग सीधा टेलगेट, छोटा रियर विंडशील्ड और उस पर लगा स्पेयर व्हील नजर आता है. वहीं, टेस्टिंग के दौरान दिखी इस SUV की टेललाइट्स अभी फाइनल प्रोडक्शन यूनिट नहीं थीं.
केबिन में मिलेंगे कई प्रीमियम फीचर्स
इसके इंटीरियर की तस्वीरें और वीडियो पहले ही सामने आ चुके हैं. खास बात यह है कि केबिन का डिजाइन भी कॉन्सेप्ट मॉडल से काफी मिलता-जुलता नजर आता है. अंदर X-शेप AC वेंट्स, लेयर्ड डैशबोर्ड, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पूरी तरह डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और पैनोरमिक सनरूफ जैसे कई प्रीमियम फीचर्स देखने को मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें: 13.49 लाख रुपये में लॉन्च हुई Kia Syros EV, सिंगल चार्ज में चलेगी 526km तक, जानें खासियत
