Bike Mileage Improvement Tips: बाइक का माइलेज ठीक रहे, तो पेट्रोल भी कम खर्च होता है और बाइक भी लंबे समय तक बढ़िया चलती है. आप बाइक कैसे चलाते हैं, टाइम पर सर्विस कराते हैं या नहीं, टायर में हवा सही है या नहीं जैसे फैक्टर सीधे माइलेज पर असर डालते हैं. फिर चाहे आप रोज ऑफिस जाने के लिए कम्यूटर बाइक चलाते हों या कोई पावरफुल बाइक, रोज की कुछ छोटी आदतों में बदलाव करके अच्छा फर्क देखा जा सकता है.
इसी वजह से आज हम आपको 5 ऐसे आसान टिप्स बताने जा रहे हैं, जो बाइक के बेसिक मैकेनिकल फंडे पर काम करते हैं. अगर इन्हें लगातार अपनाया जाए, तो माइलेज बना रहेगा, बाइक स्मूद चलेगी और आगे चलकर मेंटेनेंस का खर्च भी कम पड़ सकता है.
सही टायर प्रेशर मेंटेन करें
टायर में सही हवा होना बाइक के माइलेज के लिए काफी जरूरी होता है. ऐसा इसलिए क्योंकि, अगर टायर में हवा कम होगी तो बाइक को चलाने में इंजन पर ज्यादा लोड पड़ेगा. अब इंजन पर ज्यादा लोड पड़ा तो साफ बात है पेट्रोल भी ज्यादा खर्च होगा. वहीं अगर आपने हवा ज्यादा भर दी, तो ग्रिप कम हो जाती है और राइड भी उतनी स्टेबल नहीं रहती. इसलिए टायर प्रेशर हमेशा तब चेक करें, जब टायर ठंडे हों. प्रेशर वैल्यू वही रखें जो कंपनी ने बताई हो.
एक जैसी स्पीड पर बाइक चलाएं
बार-बार तेज एक्सीलेटर देना और अचानक ब्रेक लगाना पेट्रोल ज्यादा खा जाता है. अगर आप बाइक को एक जैसी स्पीड पर चलाते हैं, तो इंजन अपनी सबसे सही और एफिशिएंट रेंज में काम करता है. ज्यादातर बाइकों में 40 से 60 km/h की स्पीड पर, वो भी ऊंचे गियर में, माइलेज बेहतर मिलता है. अचानक थ्रॉटल घुमाने से बचें और आगे का ट्रैफिक थोड़ा पहले से भांप कर चलें, ताकि बेवजह ब्रेक न लगाने पड़ें.
रेगुलर सर्विसिंग करवाएं
बाइक की सर्विसिंग को हमेशा ठीक से करते रहना बहुत जरूरी है. अगर बाइक ठीक से मेंटेन नहीं होगी, तो वह ज्यादा फ्यूल खपत करने लगती है. गंदा एयर फिल्टर हवा के फ्लो को रोक देता है. घिसे हुए स्पार्क प्लग कंबशन को कमजोर कर देते हैं और पुराना इंजन ऑयल घर्षण बढ़ा देता है. इसलिए रेगुलर सर्विस से बाइक के सभी पार्ट्स सही तरीके से काम करते रहते हैं.
बेवजह के सामान बाइक पर न रखें
बाइक पर जितना ज्यादा बेवजह का सामान होगा, उतना ही ज्यादा पेट्रोल जलेगा. इसलिए स्टोरेज बॉक्स या सैडलबैग में फालतू चीजें भरकर न रखें. बड़ी क्रैश गार्ड, भारी लगेज कैरियर जैसे एक्सेसरीज फास्ट स्पीड पर हवा का रेजिस्टेंस भी बढ़ा देते हैं. बाइक जितनी हल्की रहेगी, उतना ही इंजन पर कम जोर पड़ेगा और पिकअप भी बेहतर रहेगा.
चेन मेंटेनेंस को नजरअंदाज न करें
अक्सर लोग बाइक की चेन मेंटेनेंस को नजरअंदाज कर देते हैं. इसका सीधा असर माइलेज पर पड़ता है. अगर चेन सूखी, गंदी या सही तरीके से टाइट नहीं है, तो बाइक में ज्यादा घर्षण होता है और इंजन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. समय-समय पर चेन को लुब्रिकेट करने से रेजिस्टेंस कम होता है और पावर पीछे वाले पहिए तक स्मूद तरीके से पहुंचती है.
यह भी पढ़ें: कार के बोनट से अचानक निकलने लगे धुंआ तो भूलकर भी ना करें ये गलतियां, वरना धूं-धूं कर जल सकती है गाड़ी
