घर पर कार धोना पड़ सकता है महंगा, भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, जानें सही तरीका

Car Care Tips: घर पर कार धोना सस्ता जरूर लगता है, लेकिन छोटी-सी लापरवाही भारी नुकसान करवा सकती है. गलत तरीके से कार धोने पर सेंसर, इंजन और पेंट तक खराब हो सकते हैं. आइए जानते हैं वो 5 आम गलतियां जिनसे बचना बेहद जरूरी है.

Car Care Tips: घर पर गाड़ी धोना आसान और सस्ता जरूर है, लेकिन कई बार छोटी-सी गलती आपकी कार को नुकसान पहुंचा सकती है. आजकल की कारें पहले जैसी सिंपल नहीं रहीं. इनमें ढेर सारे इलेक्ट्रॉनिक्स, सेंसर और नाजुक पेंट फिनिश होती है. ऐसे में अगर जल्दी-जल्दी या लापरवाही से कार धोना महंगा पड़ सकता है. तो फिर आइए जानते हैं घर पर कार धोते समय होने वाली ऐसी 5 आम गलतियों के बारे में, जो आपकी गाड़ी को खराब कर सकती हैं.

पानी के फ्लो का ध्यान रखें 

अगर कार धोते समय पानी के फ्लो पर ध्यान नहीं दिया, तो ये बड़ी गलती बन सकती है. आजकल की गाड़ियों में हर जगह वायरिंग, सेंसर, लाइट, पार्किंग सेंसर और कैमरे लगे होते हैं. ऐसे में अगर इन जगहों पर ज्यादा पानी चला गया, तो वार्निंग लाइट जल सकती है. इतना ही नहीं, कुछ पार्ट्स खराब भी हो सकते हैं.

गलती से हाइड्रोलॉक होने से बचें

गाड़ी धोते समय कभी-कभी हम सामने के हिस्से या ग्रिल पर जोर से पानी मार देते हैं. ऐसे में पानी गलती से इंजन के एयर इनटेक में घुस सकता है. अगर ऐसा हो गया तो ‘हाइड्रोलॉक’ जैसी दिक्कत हो सकती है. इसमें इंजन अचानक काम करना बंद कर देता है. ये समस्या बहुत कम होती है, लेकिन जब होती है तो ठीक कराने में मोटा खर्चा आ जाता है. इसलिए बेहतर है कि गाड़ी की ग्रिल के पास सीधे तेज पानी मारने से बचें.

गाड़ी धोने से पहले फ्यूल कैप चेक कर लें

कई लोग पेट्रोल भरवाने के बाद फ्यूल कैप ठीक से बंद करना भूल जाते हैं. ये छोटी सी गलती आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकती है. अगर कैप ढंग से बंद नहीं होगी तो बारिश या नमी का पानी टैंक में जा सकता है. पेट्रोल या डीजल में थोड़ा सा भी पानी मिल गया तो इंजन सही से काम नहीं करेगा. गाड़ी झटके देने लगेगी, इंजन ठीक से स्टार्ट नहीं होगा और फिर मजबूरी में सर्विस सेंटर का चक्कर लगाना पड़ सकता है.

सही क्लीनिंग प्रोडक्ट्स यूज करें

अगर आप गाड़ी साफ करने के लिए गंदे कपड़े या गलत क्लीनिंग प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं, तो ये धीरे-धीरे गाड़ी को नुकसान पहुंचा सकते हैं. कई लोग सोचते हैं कि घर का बर्तन धोने वाला साबुन या कोई भी क्लीनर चल जाएगा, लेकिन ये गाड़ी की पेंट पर लगी वैक्स और प्रोटेक्शन लेयर को हटा देते हैं. इससे गाड़ी की चमक कम होने लगती है और पेंट पर खरोंच, धूप और पक्षियों की गंदगी का असर जल्दी पड़ता है. इसलिए गाड़ी धोने के लिए आप हमेशा अच्छा कार शैम्पू ही यूज करें.

धूल और गंदगी का ध्यान रखें 

अगर आप कार धोते वक्त धूल-मिट्टी पर ध्यान नहीं देते, तो ये भी कार को नुकसान पहुंचा सकता है. कई लोग जल्दी के चक्कर में एक ही बाल्टी से पूरी कार धो देते हैं, लेकिन इससे गंदगी वापस कार की पेंट पर लग जाती है और हल्के-हल्के स्क्रैच पड़ सकते हैं.

तेज धूप में कार धोना भी सही नहीं होता. ऐसा इसलिए क्योंकि पानी और साबुन जल्दी सूख जाते हैं और पेंट पर दाग छोड़ देते हैं. इसलिए कोशिश करें कि कार हमेशा छांव में धोएं और साफ माइक्रोफाइबर कपड़ा ही यूज करें.

यह भी पढ़ें: गाड़ी में फ्यूल भरवाते समय भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, वरना हो सकता है बड़ा हादसा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankit Anand

अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >