आपकी बाइक में कौन-सा इंजन कूलिंग सिस्टम लगा है, इसका सीधा असर उसकी परफॉर्मेंस, मेंटेनेंस और आपकी राइडिंग एक्सपीरियंस पर पड़ता है. खासकर भारत जैसे देश में यह और भी जरूरी हो जाता है क्योंकि बाइक को अक्सर भारी ट्रैफिक, तेज गर्मी और लंबे हाईवे राइड्स का सामना करना पड़ता है. बाइक में आमतौर पर दो तरह के कूलिंग सिस्टम मिलते हैं. पहला एयर-कूल्ड और दूसरा लिक्विड-कूल्ड. दोनों का अपना अलग काम और फायदा होता है. आइए इन दोनों के बारे में डिटेल में जानते हैं और समझते हैं कि आपके लिए कौन-सा इंजन ज्यादा बेहतर रहेगा.
इंजन कूलिंग सिस्टम क्या होता है और यह क्यों जरूरी है?
इंजन में जब फ्यूल जलता है और पावर बनती है. उसके साथ काफी ज्यादा गर्मी भी पैदा होती है. अगर इस गर्मी को सही तरीके से कंट्रोल न किया जाए, तो बाइक की परफॉर्मेंस पर असर पड़ सकता है, माइलेज कम हो सकता है और इंजन की लाइफ भी घट सकती है. इसीलिए कूलिंग सिस्टम बहुत जरूरी होता है. इसका काम इंजन का टेम्परेचर सही लेवल पर बनाए रखना होता है. अच्छा कूलिंग सिस्टम इंजन को ओवरहीट होने से बचाता है, पार्ट्स पर ज्यादा फ्रिक्शन नहीं होने देता और लंबे समय तक परफॉर्मेंस बनाए रखता है.
लिक्विड-कूल्ड इंजन कैसे काम करता है?
लिक्विड-कूल्ड का काम एक बहुत ही आसान लेकिन स्मार्ट होता है. इसमें एक खास तरह का कूलैंट (ठंडा करने वाला लिक्विड) यूज होता है, जो इंजन की गर्मी को अपने अंदर सोख लेता है और उसे बाहर निकाल देता है. अब सवाल है कि ये पूरा प्रोसेस कैसे होता है? बाइक के इंजन के अंदर छोटे-छोटे चैनल होते हैं जिनमें कूलैंट लगातार घूमता रहता है. जैसे ही यह इंजन से गुजरता है, वह उसकी गर्मी को सोख लेता है.
इसके बाद यह गर्म कूलैंट रेडिएटर तक पहुंचता है, जहां उसकी गर्मी बाहर हवा में निकल जाती है और फिर से ठंडा होकर वापस इंजन में लौट आता है. यह पूरा साइकिल लगातार चलता रहता है. इससे इंजन का टेम्परेचर हमेशा कंट्रोल में रहता है. लिक्विड-कूल्ड इंजन की आवाज को भी कम करता है, क्योंकि कूलैंट की लिक्विड मैकेनिकल आवाज को थोड़ा गिला कर देती है.
यह भी पढ़ें: हफ्तों तक पार्किंग में खड़ी रहती है कार? इन 5 बातों का रखें ध्यान वरना नुकसान पक्का है
एयर-कूल्ड इंजन कैसे काम करता है?
लिक्विड कूलिंग आने से पहले इंजन को ठंडा रखने का सबसे आम तरीका एयर कूलिंग ही था. आज भी ये सिस्टम खासकर कम्यूटर बाइक और छोटे इंजन वाली गाड़ियों में खूब यूज होता है. एयर-कूल्ड बाइक में इंजन पर खास तरह के फिन्स (पंख जैसे उभरे हुए हिस्से) बनाए जाते हैं. ये उसकी सतह को बढ़ा देते हैं. जब बाइक चलती है तो हवा इन फिन्स से टकराती है और इंजन की गर्मी को अपने साथ बाहर ले जाती है.
इस पूरे सिस्टम की असली ताकत एक ही चीज है. वो है चलती हुई हवा. जितनी तेज और सही तरीके से हवा इंजन पर लगेगी, उतनी जल्दी गर्मी बाहर निकलेगी. यही वजह है कि Hero Splendor Plus, Honda Shine और Bajaj Platina 110 जैसी पॉपुलर बाइक्स आज भी इसी भरोसेमंद एयर-कूलिंग सिस्टम पर चलती हैं.
आपको कौन सी लेनी चाहिए?
एयर-कूल्ड बाइक्स शहर में डेली चलाने के लिए काफी प्रैक्टिकल हैं. ये सस्ती होती हैं, इनका मेंटेनेंस आसान होता है और माइलेज भी अच्छा देती हैं. इसलिए नॉर्मल यूजर्स के लिए ये एक बढ़िया ऑप्शन बन जाती हैं.
वहीं दूसरी तरफ, लिक्विड-कूल्ड बाइक्स ज्यादा एडवांस टेक्नोलॉजी के साथ आती हैं और इंजन का टेम्परेचर बेहतर तरीके से कंट्रोल करती हैं. भारत की तेज गर्मी और ट्रैफिक जाम में इंजन पर काफी लोड पड़ता है, ऐसे में ये सिस्टम बाइक को ओवरहीट होने से बचाता है. इसी वजह से लिक्विड-कूल्ड बाइक्स उन लोगों के लिए बेहतर मानी जाती हैं जो लंबी राइड्स, हाईवे ट्रैवल या स्पोर्टी राइडिंग पसंद करते हैं.
यह भी पढ़ें: क्या आप अपनी मौजूदा गाड़ी में E85 फ्यूल डलवा सकते हैं? समझ लें हर एक जरूरी बात
