अगर आप ऐसी बाइक खरीदना चाहते हैं, जो रोजाना की राइडिंग के साथ-साथ हाईवे और लंबी दूरी के सफर में भी शानदार परफॉर्म करे, तो 250cc सेगमेंट आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. इस सेगमेंट की बाइक्स एंट्री-लेवल मोटरसाइकिलों से ज्यादा पावर देती हैं, लेकिन 300cc या उससे बड़ी बाइक्स के मुकाबले इनकी कीमत और मेंटेनेंस खर्च कम होता है. हालांकि, सभी 250cc बाइक्स एक जैसी नहीं होतीं. कुछ माइलेज पर फोकस करती हैं, तो कुछ दमदार परफॉर्मेंस के लिए बनाई जाती हैं. यहां हम आपको भारत की उन 250cc बाइक्स के बारे में बता रहे हैं, जो 25bhp से ज्यादा पावर देती हैं.
KTM 250 Duke
अगर इस सेगमेंट में सबसे ज्यादा पावरफुल बाइक की बात करें, तो KTM 250 Duke सबसे आगे है. इसमें 249.07cc, सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 30.57bhp की पावर और 25 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. बाइक में 6-स्पीड गियरबॉक्स, स्लिपर क्लच, क्विकशिफ्टर, 43mm WP Apex USD फ्रंट फोर्क, TFT डिस्प्ले और दो राइडिंग मोड्स जैसे फीचर्स मिलते हैं. शहर की सड़कों से लेकर घुमावदार पहाड़ी रास्तों तक यह शानदार परफॉर्मेंस देती है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.14 लाख रुपये है.
Hero Xtreme 250R
Hero Xtreme 250R इस लिस्ट की सबसे किफायती और दमदार बाइक्स में से एक है. इसमें 249.03cc, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 29.5bhp की पावर और 25 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसमें 43mm USD फ्रंट फोर्क, लगभग 50:50 वेट डिस्ट्रीब्यूशन और कंपनी के अनुसार 0-60 km/h की रफ्तार सिर्फ 3.25 सेकंड में पकड़ने की क्षमता है. कम कीमत में दमदार परफॉर्मेंस चाहने वालों के लिए यह बेहतरीन ऑप्शन है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.73 लाख रुपये है.
Bajaj Dominar 250
अगर आपकी प्रायोरिटी लंबी दूरी की राइडिंग है, तो Bajaj Dominar 250 आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकती है. इसमें 248.8cc, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 26.63 bhp की पावर और 23.5 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इस बाइक में Dominar 400 वाला बीम-पेरिमीटर फ्रेम दिया गया है, जिससे हाईवे पर बेहतर स्टेबिलिटी मिलती है. आरामदायक राइडिंग पोजिशन और मजबूत इंजन इसे टूरिंग के लिए परफेक्ट बनाते हैं. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.81 लाख रुपये है.
Suzuki Gixxer SF 250
Suzuki Gixxer SF 250 में 249cc, ऑयल-कूल्ड (SOCS) इंजन दिया गया है, जो 26.13 bhp की पावर और 22.2 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इस बाइक की खासियत इसका फुल-फेयर्ड स्पोर्टी डिजाइन है, जो हाईवे पर बेहतर विंड प्रोटेक्शन देता है. साथ ही इसकी राइडिंग पोजिशन काफी आरामदायक है, जिससे यह रोजमर्रा के इस्तेमाल और लंबी दूरी दोनों के लिए परफेक्ट बन जाती है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.90 लाख रुपये है.
Suzuki V-Strom SX
Suzuki V-Strom SX में भी 249cc ऑयल-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 26.1 bhp की पावर और 22.2 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. हालांकि, यह बाइक एडवेंचर टूरिंग को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. इसमें 19-इंच फ्रंट व्हील, ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस और सीधी बैठने की पोजिशन मिलती है, जिससे खराब सड़कों, कच्चे रास्तों और लंबी यात्राओं में बेहतर आराम और कंट्रोल मिलता है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2 लाख रुपये है.
कौन-सी बाइक आपके लिए सही रहेगी?
अगर आपका फोकस सबसे ज्यादा परफॉर्मेंस पर है, तो KTM 250 Duke सबसे बेहतर ऑप्शन है. वहीं, Hero Xtreme 250R कम कीमत में शानदार पावर ऑफर करती है. Bajaj Dominar 250 लंबी दूरी की टूरिंग के लिए परफेक्ट है, जबकि Suzuki Gixxer SF 250 स्पोर्टी लुक और रोजमर्रा के इस्तेमाल का बेहतरीन संतुलन देती है. अगर आप खराब सड़कों और हल्की-फुल्की ऑफ-रोडिंग भी करना चाहते हैं, तो Suzuki V-Strom SX सबसे बढ़िया ऑप्शन साबित हो सकती है.
यह भी पढ़ें: पहली बाइक खरीदने जा रहे हैं? नए राइडर्स के लिए बेस्ट हैं ये 5 मॉडल
