US Texas Bar Shooting: अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान पर हमला कर रहे हैं, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर समेत कई सैन्य लीडरशिप समाप्त हो चुकी है. अमेरिका ईरान से काफी दूर है, लेकिन वहां की हिंसा बिल्कुल अलग तरह की है, जो दशकों से चली आ रही है. पश्चिम एशिया में मची उथल पुथल के बीच अमेरिका में गोलीबारी हुई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए. रविवार को टेक्सास के ऑस्टिन रियो ग्रांडे स्ट्रीट के 600 ब्लॉक में एक लोकप्रिय बार में हुई सामूहिक गोलीबारी हुई. अधिकारियों के मुताबिक पुलिस के साथ हुई गोलीबारी में हमलावर भी मारा गया. हमलावर ने घटना के वक्त ‘पॉपर्टी ऑफ अल्लाह’ वाली हुडी पहनी थी.
कई अमेरिकी अधिकारियों ने संदिग्ध की पहचान नदियागा डायग्ने के रूप में की है, जो सेनेगल में जन्मा अमेरिकी नागरिक था. उसकी उम्र 53 वर्ष थी. वह 2006 में अमेरिका आया था और 2013 में नागरिक बना. उसने कुछ समय न्यूयॉर्क में बिताया और बाद में टेक्सास चला गया. जांचकर्ताओं का मानना है कि उसने अकेले ही इस हमले को अंजाम दिया. क्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए FBI सैन एंटोनियो ने ऑस्टिन बार शूटिंग के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पुष्टि की कि संघीय एजेंसियां जांच में सहायता कर रही हैं. FBI ने बताया कि उसकी जॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स इस घटना की जांच में ऑस्टिन पुलिस डिपार्टमेंट के साथ मिलकर काम कर रही है.
कैसे दिया घटना को अंजाम
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी Buford’s नामक बीयर गार्डन में हुई, जो ऑस्टिन के एंटरटेनमेंट डिस्ट्रिक्ट में स्थित है. ऑस्टिन पुलिस प्रमुख लिसा डेविस ने बताया कि अधिकारियों को रात 1:39 बजे एक कॉल मिली, जिसमें बार में फायरिंग की सूचना दी गई थी. ऑस्टिन ट्रेविस काउंटी प्रमुख रॉबर्ट लकरिट्ज ने कहा कि 57 सेकंड के भीतर ही पुलिस और पैरामेडिक्स मौके पर पहुंच गए और घायलों का इलाज शुरू कर दिया. सूत्रों के मुताबिक, हमलावर एक एसयूवी में इलाके का चक्कर लगाता रहा और फिर गाड़ी की खुली खिड़की से बाहर बैठे लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद वह एसयूवी से बाहर निकला और सड़क पर चलते हुए फायरिंग करता रहा. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मार गिराया. घटनास्थल से एक हैंडगन और एक राइफल बरामद की गई, जबकि एसयूवी के अंदर से कई हथियार मिले.
हमलावर की तस्वीर जारी की गई है. इसमें वह एक टीशर्ट पहने नजर आ रहा है, जिस पर लिखा है, ‘प्रॉपर्टी ऑफ अल्लाह’. वहीं बेनी जॉनसन नाम के अमेरिकी इंफ्लूएंसर ने दावा किया कि उसके हाथ में कुरान थी. वहीं उसके दूसरे हाथ में बंदूक थी.
आतंकवादी एंगल से जांच कर रही एजेंसी
इस घटना की जांच में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) की जॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स को शामिल किया गया है. अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध और उसके वाहन से ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे ‘आतंकवाद से संभावित संबंध’ की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच एजेंसियों ने कहा है कि अभी किसी ठोस मकसद पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. FBI के कार्यवाहक स्पेशल एजेंट एलेक्स डोरन ने रविवार की ब्रीफिंग में कहा कि अधिकारी सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या संदिग्ध ने खुद को कट्टरपंथी बनाया था.
पहले भी समस्याओं से घिरा था हमलावर
जांच अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध का ऑस्टिन में पहले भी मानसिक समस्याओं से जुड़ा इतिहास रहा है. जांचकर्ता यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या वह किसी चरमपंथी विचारधारा से प्रभावित था या उसका अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से कोई संबंध था. एफबीआई, स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर किसी भी संभावित विदेशी कनेक्शन का आकलन कर रहा है. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट के अनुसार, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस घटना की जानकारी दे दी गई है. वहीं, अमेरिकी सीनेटर टेड क्रूज ने कहा कि अधिकारी अभी पूरी तरह से निश्चित नहीं हैं कि यह गोलीबारी आतंकवाद से जुड़ी थी या नहीं.
ANI के इनपुट के साथ.
ये भी पढ़ें:- युद्धपोत अब्राहम लिंकन पर हमला! ईरान का दावा, अमेरिका के 3 सैनिकों के मौत
ये भी पढ़ें:- हमले तेज किए तो अमेरिका देगा ऐसा जवाब कि… डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को चेतावनी
