Trump Mar-a-Lago Shooting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित ‘मार-ए-लागो’ रिजॉर्ट में सुरक्षा तोड़कर अंदर घुसने वाले एक 21 साल के युवक को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है. यह घटना रविवार तड़के करीब 1:30 बजे की है. युवक के पास एक शॉटगन और पेट्रोल का डिब्बा (कैन) था. गनीमत रही कि घटना के वक्त राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस में थे और सुरक्षित हैं.
कौन था हमलावर और कैसे अंदर घुसा?
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों और खुफिया विभाग के प्रवक्ता एंथोनी गुग्लिएल्मी के अनुसार, मारे गए युवक की पहचान ऑस्टिन टकर मार्टिन के रूप में हुई है. वह उत्तरी कैरोलिना का रहने वाला था.
जांच में सामने आया है कि मार्टिन अपनी गाड़ी लेकर रिजॉर्ट के उत्तरी गेट पर पहुंचा. जैसे ही एक दूसरी गाड़ी रिजॉर्ट से बाहर निकल रही थी, मौका पाकर वह सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए अपनी कार के साथ अंदर घुस गया. पाम बीच काउंटी के शेरिफ रिक ब्रैडशॉ ने बताया कि वहां तैनात सीक्रेट सर्विस एजेंटों और डिप्टी ने उसे तुरंत घेर लिया.
चेतावनी के बाद भी तानी बंदूक
शेरिफ ब्रैडशॉ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि जब मार्टिन को रोका गया, तो अधिकारियों ने उसे अपने पास मौजूद सामान नीचे रखने का आदेश दिया. मार्टिन ने पेट्रोल का डिब्बा तो नीचे रख दिया, लेकिन अपनी शॉटगन को फायरिंग की पोजीशन में उठा लिया. खतरा बढ़ते देख सीक्रेट सर्विस के एजेंटों और डिप्टी ने गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
रास्ते में खरीदी थी शॉटगन
सीक्रेट सर्विस के मुताबिक, मार्टिन के परिवार ने कुछ दिन पहले ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांचकर्ताओं का मानना है कि वह नॉर्थ कैरोलिना से गाड़ी चलाकर फ्लोरिडा आया था. पुलिस को उसकी कार से हथियार रखने वाला एक बॉक्स भी मिला है. शक है कि उसने रास्ते में ही कहीं से यह शॉटगन हासिल की थी.
बड़े स्तर पर शुरू हुई जांच
एफबीआई (FBI) के निदेशक काश पटेल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि ब्यूरो इस मामले की जांच के लिए सभी जरूरी संसाधन लगा रहा है. एफबीआई ने रिजॉर्ट के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों के बाहर लगे कैमरों की फुटेज चेक करें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर जानकारी दें. अधिकारी अब मार्टिन के डिजिटल फुटप्रिंट (सोशल मीडिया और इंटरनेट हिस्ट्री) की जांच कर रहे हैं ताकि उसके मकसद का पता लगाया जा सके.
प्रशासन ने की एजेंटों की तारीफ
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने बताया कि सीक्रेट सर्विस ने बहुत तेजी से एक्शन लिया और खतरे को खत्म किया. अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने भी राष्ट्रपति ट्रंप से बात की है. हालांकि ट्रंप हर वीकेंड मार-ए-लागो में बिताते हैं, लेकिन शनिवार रात वह वाशिंगटन में ही रुक गए थे.
ट्रंप पर पहले भी हमले की कोशिशें हो चुकी हैं. जुलाई 2024 में पेंसिलवेनिया की रैली में उन पर गोली चली थी और सितंबर में उनके गोल्फ कोर्स के पास से भी एक हथियारबंद व्यक्ति पकड़ा गया था.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान का दावा अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक में 80 से ज्यादा लोग मारे गए, तालिबान बोला; बदला लेंगे
ये भी पढ़ें:- बारात, डीजे और मस्जिद… नेपाल के मधेस इलाके में चुनाव से पहले बवाल, सांप्रदायिक झड़प के बाद लगा अनिश्चितकालीन कर्फ्यू
