अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने सोमवार को ‘Trump TV’ नाम से 24/7 स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च किया. इस प्लेटफॉर्म पर ट्रंप के पुराने भाषण, राष्ट्रपति के सार्वजनिक कार्यक्रम, प्रशासन की घोषणाएं और ताजा अपडेट प्रसारित किए जाएंगे.एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, व्हाइट हाउस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ‘Trump TV: The Essentials Station’ और इसके लॉन्च से जुड़ा वीडियो प्रकाशित किया गया है.
24 घंटे उपलब्ध रहेगा Trump TV
व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि ‘Trump TV’ अब लाइव स्ट्रीम हो रहा है. पोस्ट के मुताबिक, प्लेटफॉर्म को रियल टाइम में अपडेट किया जाएगा और इसमें ट्रंप के महत्वपूर्ण पुराने पलों, प्रशासन की घोषणाओं और ताजा गतिविधियों को एक ही जगह देखा जा सकेगा.
ट्रंप के पुराने भाषणों से हुई शुरुआत
लॉन्च के दौरान प्लेटफॉर्म पर ट्रंप के पिछले सार्वजनिक कार्यक्रमों और भाषणों की फुटेज दिखाई गई. इनमें 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में उनके शपथ ग्रहण समारोह से जुड़े दृश्य भी शामिल थे. व्हाइट हाउस की वीडियो लाइब्रेरी में 21 सितंबर को ‘Trump TV is Here’ और ‘TRUMP TV: The Essentials Station’ नाम से सामग्री भी सूचीबद्ध है.
मीडिया संगठनों से विवाद के बीच लॉन्च
‘Trump TV’ की शुरुआत ऐसे समय हुई है जब ट्रंप प्रशासन और अमेरिका के कई बड़े समाचार संगठनों के बीच व्हाइट हाउस प्रेस एक्सेस को लेकर विवाद बढ़ा हुआ है. CNN, MS NOW और Politico ने प्रशासन के खिलाफ संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है. इन संस्थानों का आरोप है कि उनके पत्रकारों का व्हाइट हाउस एक्सेस उनके समाचार कवरेज के कारण प्रतिबंधित किया गया.
ट्रंप ने मीडिया पर लगाया ‘फेक न्यूज’ का आरोप
ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में मीडिया संस्थानों को निष्पक्ष रिपोर्टिंग करने की जिम्मेदारी निभाने की बात कही. उन्होंने उन मीडिया संगठनों पर निशाना साधा, जिन्हें वे ‘फेक न्यूज’ बताते रहे हैं और कहा कि ऐसे संगठनों को व्हाइट हाउस परिसर में प्रवेश की अनुमति देने को लेकर उनका अलग रुख है.
व्हाइट हाउस ने प्रेस एक्सेस पर क्या कहा?
व्हाइट हाउस ने अपने रुख का बचाव करते हुए कहा है कि अमेरिकी संविधान का प्रथम संशोधन मीडिया को प्रकाशित करने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन किसी खास समाचार संगठन को व्हाइट हाउस परिसर, ब्रीफिंग रूम या राष्ट्रपति के प्रेस पूल तक पहुंच की गारंटी नहीं देता. दूसरी ओर, CNN, MS NOW और Politico ने अदालत में तर्क दिया है कि सरकार को किसी पत्रकार के रिपोर्टिंग रिकॉर्ड के आधार पर व्हाइट हाउस एक्सेस तय नहीं करना चाहिए.
टीवी पूल पर भी पड़ा असर
मीडिया विवाद का असर व्हाइट हाउस टेलीविजन पूल पर भी पड़ा है. यह साझा व्यवस्था राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की फुटेज भाग लेने वाले समाचार संगठनों को उपलब्ध कराती है. CNN पर प्रतिबंध के बाद साझा टीवी कवरेज को लेकर भी संगठनों के बीच तनाव सामने आया है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए न्यूयॉर्क में हैं ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप फिलहाल न्यूयॉर्क में हैं, जहां 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा का आयोजन हो रहा है. कार्यक्रम के दौरान ट्रंप के उच्चस्तरीय जनरल डिबेट में हिस्सा लेने और कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने का कार्यक्रम है.
ये भी पढ़ें: PoK में पाक सेना के खिलाफ उबला गुस्सा, JAAC नेता बोले- रेंजर्स बुलाकर जनता पर चलवाईं गोलियां
