Pakistan tiktok star killed : पाकिस्तान में 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाली 28 वर्षीय TikTok स्टार शम्सो बीबी उर्फ आयशा गिलामाना की गोली मारकर हत्या कर दी गई. स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस्लामाबाद के पास तक्षशिला में मोटरसाइकिल सवार हथियारबंद लोगों ने उनकी कार को निशाना बनाया. वीडियो में देखा जा सकता है कि कार धीमे थी, तभी दो बदमाश बाइक से आते हैं और ताबड़तोड़ गोली मारकर भाग खड़े होते हैं. गोली लगते ही कार का कंट्रोल बिगड़ जाता है और वह सड़क से नीचे गिरती नजर आती है. घटना में उनकी 15 वर्षीय बहन भी घायल हुई है.
'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, घटना 14 अगस्त की शाम की है. शम्सो अपने भाई नेमतुल्ला और 15 वर्षीय बहन अस्मिया बीबी के साथ कार से घर से निकली थीं. इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों ने उनकी गाड़ी पर गोलीबारी कर दी.
शम्सो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद का दावा
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. हालांकि, शम्सो के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी का दो पुरुषों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था. पिता के अनुसार, शम्सो को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
हत्या के बाद इनएक्टिव हुआ अकाउंट
रिपोर्ट के अनुसार, शम्सो बीबी के TikTok पर 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे. उनकी मौत के बाद उनका TikTok अकाउंट निष्क्रिय कर दिया गया.
Also read : दिल्ली में कैसा रहेगा 18 अगस्त का मौसम? बारिश को लेकर IMD ने दिया अपडेट
