The Ghost Princess Lalla Salma of Morocco: कभी मोरक्को में बदलाव और आधुनिकता की पहचान मानी जाने वाली राजकुमारी लल्ला सलमा आज दुनिया के सबसे चर्चित शाही रहस्यों में से एक बन चुकी हैं. एक समय सार्वजनिक कार्यक्रमों, अंतरराष्ट्रीय मंचों और सामाजिक अभियानों में सक्रिय रहने वाली यह राजकुमारी अचानक लोगों की नजरों से ओझल हो गई. वर्षों बीत गए, लेकिन उनके सार्वजनिक जीवन से गायब होने की असली वजह आज भी रहस्य बनी हुई है. इसी वजह से उन्हें ‘घोस्ट प्रिंसेस’ यानी ‘रहस्यमयी राजकुमारी’ कहा जाने लगा.
लल्ला सलमा का जन्म 10 मई 1978 को मोरक्को की राजधानी रबात में सलमा बेन्नान के रूप में हुआ था. वह किसी शाही परिवार से नहीं बल्कि एक मध्यमवर्गीय परिवार से थीं. पढ़ाई में तेज तर्रार सलमा ने कंप्यूटर साइंस में डिग्री हासिल की और बाद में मोरक्को के राजा मोहम्मद-VI से विवाह किया.
राजा से कैसे मिलीं लल्ला?
वेबसाइट bluewin की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने पढ़ाई पूरी करने के बाद कम्यूटर साइंटिस्ट के रूप में काम किया. जहां वह काम करती थीं, वह कंपनी मोरक्को के रॉयल फैमिली की थी. Gala मैगजीन की रिपोर्ट के अनुसार, 1999 लल्ला और राजा मोहम्मद-VI की मुलाकात एक पार्टी में हुई. यहीं से दोनों में जान पहचान बनी और दो साल बाद इंगेजमेंट हुई; आगे शादी तक का सफर तय हुआ.
वर्ष 2002 में हुए इस विवाह ने मोरक्को के शाही इतिहास में कई परंपराएं बदल दीं. इससे पहले मोरक्को के राजाओं की पत्नियों को आमतौर पर सार्वजनिक जीवन से दूर रखा जाता था. उनके बारे में बहुत कम जानकारी साझा की जाती थी और कई बार आम लोगों को उनका चेहरा तक देखने को नहीं मिलता था. लेकिन मोहम्मद-VI ने इस परिपाटी को बदला. उन्होंने न तो दूसरी पत्नी की ख्वाहिश जताई और न ही अपने पिता की तरह हरम रखा. वह बस लल्ला को चाहते थे.
मोरक्को के शाही परिवार में महिलाओं की भूमिका कैसी रही?
मोरक्को लंबे समय तक एक ऐसा समाज रहा जहां महिलाओं की भूमिका मुख्य रूप से परिवार और बच्चों की परवरिश तक सीमित मानी जाती थी. हालांकि, 2011 के संविधान के बाद लैंगिक समानता को लेकर कुछ महत्वपूर्ण बदलाव हुए, लेकिन सामाजिक स्तर पर महिलाओं को अब भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.
राजशाही में भी स्थिति कुछ ऐसी ही थी. ‘यापोनशुनोसलार इंटरनेशनल फोरम’ में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, वर्तमान शाही वंश के राजा अक्सर एक से अधिक विवाह करते थे, लेकिन इन संबंधों के बारे में सार्वजनिक जानकारी बेहद सीमित रहती थी. राजा की पत्नी को सार्वजनिक जीवन से लगभग पूरी तरह दूर रखा जाता था. यहां तक कि अतीत में राजा की पत्नी की तस्वीर प्रकाशित करना भी अपराध माना जाता था.
लल्ला सलमा ने तोड़ी दशकों पुरानी परंपरा
2002 में विवाह की घोषणा के बाद पहली बार मोरक्को के लोगों ने अपने राजा की पत्नी को खुले तौर पर देखा. लल्ला सलमा न केवल विवाह समारोह से जुड़ी सार्वजनिक गतिविधियों में शामिल हुईं, बल्कि उनके और राजा मोहम्मद-VI की फोटोज भी मीडिया में छपीं. इतना ही नहीं, उन्हें आधिकारिक रूप से ‘प्रिंसेस’ यानी राजकुमारी की उपाधि भी दी गई, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक कदम था.
इसके बाद लल्ला सलमा ने सिर्फ औपचारिक शाही भूमिका तक खुद को सीमित नहीं रखा. उन्होंने सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी अभियानों में सक्रिय भागीदारी शुरू की. अफ्रीका में एचआईवी संकट को लेकर उन्होंने जागरूकता फैलाने का काम किया. उन्हें विश्व स्वास्थ्य संगठन की गुडविल एम्बेसडर भी बनाया गया.
वर्ष 2005 में उन्होंने ‘लल्ला सलमा फाउंडेशन फॉर प्रिवेंशन एंड ट्रीटमेंट ऑफ कैंसर’ की स्थापना की. कैंसर जागरूकता और उपचार के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए 2017 में उन्हें विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से स्वर्ण पदक भी प्रदान किया गया. यानी 15 साल सब कुछ ठीक था.
फिर अचानक क्या हुआ?
दिसंबर 2017 तक सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था. उस समय लल्ला सलमा को रबात स्थित मोहम्मद-VI संग्रहालय में देखा गया था. लेकिन इसके बाद वह अचानक सार्वजनिक जीवन से गायब हो गईं.
कुछ महीनों बाद मार्च 2018 में यह सवाल और गहरा गया. उस साल राजा मोहम्मद-VI की फ्रांस में हर्ट सर्जरी हुई थी और उनके स्वस्थ होने के दौरान एक पारिवारिक तस्वीर जारी की गई. तस्वीर में शाही परिवार के कई सदस्य मौजूद थे, लेकिन लल्ला सलमा कहीं दिखाई नहीं दीं.
इसके बाद भी कई आधिकारिक कार्यक्रमों में राजा और क्राउन प्रिंस मौले हसन नजर आए, लेकिन राजकुमारी लल्ला अनुपस्थित रहीं. यहां तक कि राजा के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जाने वाली पारिवारिक तस्वीरों में भी उनका कोई उल्लेख नहीं था.
ये भी पढ़ें:- अजगर के साथ टॉपलेस फोटोशूट कराने वाली राजकुमारी
ये भी पढ़ें:- इस मुस्लिम देश की राजकुमारी बनी देश की पहली महिला फाइटर पायलट, पैगंबर मोहम्मद से है सीधा रिश्ता
पूरी दुनिया पूछने लगी; आखिर राजकुमारी कहां हैं?
जैसे-जैसे समय बीतता गया, मोरक्को के लोगों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए. लेकिन सरकार और शाही परिवार की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया. इसी चुप्पी ने तरह-तरह की अटकलों को जन्म दिया. कुछ लोगों ने दावा किया कि राजकुमारी की मृत्यु हो चुकी है, जबकि अन्य लोगों ने उनके देश छोड़ने की बात कही.
दो साल बाद मिली पहली झलक
अप्रैल 2019 में लगभग दो वर्षों के बाद लल्ला सलमा पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाई दीं. उनकी तस्वीर मोरक्को के मराकेश शहर के एक रेस्तरां में ली गई, जहां वह अपनी बेटी लल्ला खदीजा के साथ थीं. उसी महीने उन्होंने बेनी मेलाल ऑन्कोलॉजी सेंटर का लगभग दो घंटे का दौरा भी किया और वहां मरीजों तथा कर्मचारियों से मुलाकात की. इसके बाद भी उनकी सार्वजनिक मौजूदगी बेहद सीमित रही. वर्ष 2022 में मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि उन्होंने अपना जन्मदिन रबात स्थित शाही परिसर में मनाया था.
निर्वासन या तलाक? रहस्य को लेकर कई दावे
लल्ला सलमा की अनुपस्थिति को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा दो संभावनाओं को लेकर हुई. पहली, उन्हें शाही परिवार से अलग कर दिया गया है या उन्होंने स्वयं दूरी बना ली है. दूसरी, उनका और राजा मोहम्मद-VI का तलाक हो चुका है.
2018 में एक स्पेनिश प्रकाशन ने दावा किया था कि दोनों का तलाक हो गया है. हालांकि इसकी कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. फिर भी इस दावे को बल तब मिला जब 2019 में शाही परिवार से जुड़े एक वकील की रिपोर्ट में लल्ला सलमा का उल्लेख राजा मोहम्मद-VI की ‘पूर्व पत्नी’ के रूप में किया गया. इसे कई लोगों ने इनडायरेक्ट पुष्टि के रूप में देखा.
कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि वह ग्रीस के केआ द्वीप पर समय बिता रही थीं. 2024 में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जब वह ग्रीस के माइकोनोस आईलैंड पर अपने दोनों बच्चों- क्राउन प्रिंस मौले हसन (23) और प्रिंसेज लल्ला खदीजा (19) के साथ नजर आईं. लोकल मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, वे अपने साथ 70 लोगों की भारी भरकम टीम लेकर पहुंची थीं.
मोरक्कों में ही रह रही हैं लल्ला!
कुछ अटकलों के अनुसार वह रबात में ही शाही परिवार से अलग रह रही हैं. नवंबर 2025 में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दावा किया गया कि मोरक्को की राजकुमारी लल्ला सलमा अपनी बेटी राजकुमारी लल्ला खदीजा के साथ रविवार शाम फेस शहर से रवाना हो गईं. उनकी यह निजी यात्रा थी, जिसमें उन्होंने पुराने शहर के कई ऐतिहासिक स्मारकों और विरासत स्थलों का भ्रमण किया.
2026 में वह एक फुटबॉल मैच के दौरान भी नजर आईं.
आखिर सच्चाई सामने क्यों नहीं आती?
लल्ला सलमा के मामले को समझने के लिए मोरक्को की मीडिया व्यवस्था को भी समझना जरूरी है. विभिन्न मानवाधिकार संगठनों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मोरक्को में राजपरिवार से जुड़े मामलों पर खुली चर्चा को प्रोत्साहित नहीं किया जाता. सरकार का मीडिया पर पर्याप्त प्रभाव माना जाता है और संवेदनशील विषयों पर जानकारी सीमित रहती है.
इसी वजह से राजकुमारी के निजी जीवन, उनके संभावित तलाक या शाही परिवार से दूरी के कारणों को लेकर बहुत कम विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध है. हालांकि, न्यूजीलैंड हेराल्ड की एक रिपोर्ट में एक मोरक्कन वेबसाइट का हवाला दिया गया था, जिसमें विवाह संबंध टूटने के लिए लल्ला सलमा के कथित व्यक्तित्व और व्यवहार को जिम्मेदार ठहराया गया था. लेकिन इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि कभी नहीं हो सकी.
ये भी पढ़ें:- घुड़सवारी की फैन, सेना में मेजर और फैशन क्वीन, थाई राजकुमारी के शौक और जलवे की पूरी कहानी
ये भी पढ़ें:- कौन हैं 20 साल की प्रिंसेस लियोनोर? 150 साल बाद स्पेन की पहली महारानी बनकर रचेंगी इतिहास
आज भी बना हुआ है रहस्य
लल्ला सलमा की कहानी किसी अलौकिक घटना की नहीं, बल्कि एक ऐसे सार्वजनिक चेहरे की है जो अचानक लोगों की नजरों से गायब हो गया. वह जीवित हैं, इसकी पुष्टि वर्षों के दौरान सामने आई कुछ सार्वजनिक मौजूदगियों से हो चुकी है. लेकिन वह सक्रिय सार्वजनिक जीवन से क्यों दूर हुईं, क्या उनका तलाक हुआ, और उनका वर्तमान जीवन कैसा है? इन सवालों के जवाब आज भी दुनिया के सामने नहीं हैं. यही वजह है कि मोरक्को की यह राजकुमारी आज भी ‘घोस्ट प्रिंसेस’ के नाम से जानी जाती हैं और उनका रहस्य लगातार लोगों की जिज्ञासा का विषय बना हुआ है.
