नेपाल चुनाव: रैपर बालेन शाह का कमाल, RSP ने 18 सीटें जीतीं, 99 पर आगे

Nepal Election Results : नेपाल के संसदीय चुनाव में बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) बड़ी जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है. जेन जेड के विरोध प्रदर्शनों के बाद शाह उभरे थे. अब वे देश के प्रधानमंत्री पद के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं.

Nepal Election Results : रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) नेपाल चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है. स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, नेपाल के चुनाव आयोग के पास कई सीटों के आंकड़े आ चुके हैं. इसके अनुसार, आरएसपी ने 18 सीट पर जीत दर्ज की है और 99 अन्य सीट पर पार्टी आगे है.

‘बालेन’ के नाम से जाने जाने वाले 35 साल के इंजीनियर के नेपाल का अगला प्रधानमंत्री बनने की संभावना है. नेपाल में पिछले 18 वर्षों में 14 सरकारें बन चुकी हैं. नेपाल में सितंबर 2025 में हुए हिंसक ‘जनरेशन जेड’ के विरोध प्रदर्शनों के बाद हुए पहले आम चुनावों में भारी जीत की ओर आरएसपी बढ़ रही है. इस विरोध प्रदर्शन के कारण के. पी. शर्मा ओली के नेतृत्व वाली सरकार को सत्ता से हटना पड़ा था.

165 सदस्यों को डायरेक्ट वोटिंग सिस्टम से चुना जाएगा

इस आम चुनाव में संसद के 275 सदस्यों को चुनने के लिए 1.89 करोड़ से अधिक नेपाली नागरिक वोट करने के लिए पात्र थे. चुनाव में 165 सदस्यों को डायरेक्ट वोटिंग सिस्टम और 110 सदस्यों को आनुपातिक मतदान के जरिए चुना जाना है.

पिछले साल सितंबर में उग्र आंदोलन नेपाल में हुआ

‘बालेन’ को अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए एक लोकप्रिय विकल्प माना गया. यह स्थिति तब बनी जब जनरेशन-जेड (जेन जेड) के युवाओं ने पिछले साल सितंबर में उग्र आंदोलन किया. वे भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर लगाए गए बैन के खिलाफ सड़क पर उतरे. दो दिनों तक चले देशव्यापी हिंसक प्रदर्शनों के बाद ओली-नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को सत्ता से हटना पड़ा..

यह भी पढ़ें : जेन जी प्रोटेस्ट का नेपाल चुनाव पर खासा असर, बालेन शाह की पार्टी आरएसपी पर जनता ने दिखाया विश्वास

बालेन को मिला भारी समर्थन

बालेन ने इस समय हालांकि अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने से इनकार किया था. उन्होंने कहा था कि वे संसदीय चुनाव लड़कर पूर्ण कार्यकाल के लिए सरकार का नेतृत्व करना पसंद करेंगे. जनवरी 2022 में, वे रवि लामिछाने के नेतृत्व वाली आरएसपी में शामिल हो गए. जल्द ही पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित कर दिए गए. प्रचार अभियान के दौरान उन्हें भारी समर्थन मिला.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >