पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. अदियाला जेल में बंद इमरान खान की पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) की एक मेडिकल टीम ने चेकअप की है. इसी बीच उनकी बहन अलीमा खान को भी लाहौर में हिरासत में लिया गया है. अलीमा की हिरासत ऐसे समय हुई है, जब इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने 27 सितंबर को प्रदर्शन और मार्च का ऐलान किया है.
अदियाला जेल में इमरान खान की मेडिकल चेकअप
- पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक PIMS की एक विशेष मेडिकल टीम अदियाला जेल पहुंची और इमरान खान की स्वास्थ्य जांच की. रिपोर्ट में जेल सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इस जांच में ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और आंखों की जांच की गई.
- रिपोर्ट के मुताबिक PIMS के डॉक्टर आरिफ खान के नेतृत्व में टीम ने जांच की. अदियाला जेल के अस्पताल का मेडिकल स्टाफ भी इस दौरान मौजूद रहा. एक अन्य रिपोर्ट में आंखों के विशेषज्ञ समेत दूसरे डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के टीम में शामिल होने की बात कही गई है.
- हालांकि, इमरान खान की मौजूदा मेडिकल रिपोर्ट में क्या सामने आया है, इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। इसलिए उनकी सेहत कितनी खराब है, इस बारे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी.
आंखों की परेशानी पहले से बनी हुई है
- इमरान खान की आंखों की समस्या पहले भी सामने आ चुकी है. अगस्त में उन्हें मेडिकल जांच के लिए PIMS ले जाया गया था. उस समय अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, शिफा इंटरनेशनल अस्पताल के दो विशेषज्ञों ने भी उनकी आंखों की जांच में हिस्सा लिया था.
- इमरान खान के समर्थकों और उनकी पार्टी का कहना है कि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत है. वहीं, जेल अधिकारियों ने उनकी उचित इलाज नहीं मिलने की शिकायतों को खारिज किया है.
- अगस्त में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को इलाज के लिए निजी शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने का आदेश दिया था. इसके बाद उन्हें PIMS ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच हुई और बाद में उन्हें वापस अदियाला जेल भेज दिया गया.
ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान में हालात और खराब ! सेना की कार्रवाई में मारे गए 5 उग्रवादी, 23 लोगों को कराया गया मुक्त
अलीमा खान को 30 दिन की हिरासत
- इसी बीच इमरान खान की बहन अलीमा खान को लाहौर में हिरासत में लिया गया है. लाहौर के डिप्टी कमिश्नर के आदेश के मुताबिक, उन्हें पंजाब मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर ऑर्डिनेंस, 1960 यानी एमपीओ के तहत 30 दिनों के लिए हिरासत में रखने का आदेश दिया गया है. बाद में उन्हें कोट लखपत जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई.
- पाकिस्तान सरकार की यह कार्रवाई इमरान खान की पार्टी के 27 सितंबर के प्रस्तावित प्रदर्शन से कुछ दिन पहले हुई है. PTI इस प्रदर्शन के जरिए इमरान खान की रिहाई की मांग करने वाली है.
- अलीमा खान की हिरासत को लेकर पार्टी ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, जबकि प्रशासन के आदेश में सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंता का हवाला दिया गया है.
