Former Britain Prince Andrew Released: ब्रिटेन के शाही परिवार से जुड़ी एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व प्रिंस एंड्रयू को ‘मिसकंडक्ट इन पब्लिक ऑफिस’ (पद का गलत इस्तेमाल) के शक में गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, कुछ घंटों की पूछताछ के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया है, लेकिन उन पर जांच अब भी जारी है.
क्यों हुई प्रिंस एंड्रयू की गिरफ्तारी?
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले की शुरुआत तब हुई जब टेम्स वैली पुलिस ने उन पर लगे आरोपों की गंभीरता से जांच की. पुलिस का कहना है कि एंड्रयू जब यूके के ट्रेड एनवॉय (व्यापार दूत) के रूप में काम कर रहे थे, तब उन्होंने कथित तौर पर कुछ बेहद गोपनीय सरकारी दस्तावेज अमेरिकी अपराधी जेफरी एपस्टीन को दिए थे. अमेरिका की ओर से जारी फाइलों में एपस्टीन और एंड्रयू के रिश्तों का जिक्र है, जिसके बाद पुलिस ने यह औपचारिक जांच शुरू की.
कहां और कैसे हुई कार्रवाई?
द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, प्रिंस एंड्रयू को गुरुवार सुबह करीब 8:00 बजे सैंड्रिंघम से गिरफ्तार किया गया. इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए नॉरफॉक के आयलशम पुलिस स्टेशन ले जाया गया. पुलिस ने सैंड्रिंघम एस्टेट के ‘वुड फार्म’ और विंडसर के ‘रॉयल लॉज’ में भी तलाशी ली है. पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल नॉरफॉक की सर्च पूरी हो चुकी है, लेकिन बर्कशायर वाले पते पर जांच जारी थी.
किंग चार्ल्स ने दिया बड़ा बयान
अपने भाई की गिरफ्तारी पर किंग चार्ल्स III ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने साफ कहा कि कानून अपना काम करेगा. उन्होंने कहा कि बकिंघम पैलेस ने भरोसा दिलाया है कि वे जांच टीम को पूरा सहयोग देंगे. किंग ने अपने बयान में कहा कि इस मामले की पूरी और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पुलिस को उनका पूरा सपोर्ट है. पुलिस ने भी कहा है कि जांच की शुचिता बनाए रखना जरूरी है और समय-समय पर अपडेट दिए जाएंगे.
सेक्स ऑफेंस से जुड़ा नहीं है यह मामला
पुलिस ने एक बहुत जरूरी बात साफ की है कि यह गिरफ्तारी किसी यौन अपराध (Sexual Offences) के आरोपों से जुड़ी नहीं है. हालांकि, पुलिस फरवरी में आए एक अलग आरोप की भी जांच कर रही है, जिसमें कहा गया था कि साल 2010 में एपस्टीन ने एंड्रयू के पास एक महिला को भेजा था. प्रिंस एंड्रयू ने इन सभी आरोपों को हमेशा गलत बताया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने बताया शाही परिवार के लिए बुरा वक्त
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. रिपोर्टर्स से बातचीत में उन्होंने कहा था कि एंड्रयू की गिरफ्तारी और एपस्टीन के साथ उनके रिश्ते की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. उन्होंने इसे शाही परिवार के लिए एक शर्मनाक और बहुत बुरा समय बताया.
प्रिंस एंड्रयू की पूरी घटना के बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: जमीन पर पड़ी लड़की, ऊपर पूर्व ब्रिटिश राजकुमार; एप्स्टीन फाइल्स की आपत्तिजनक तस्वीरें आईं सामने
क्या है पूरा विवाद और अब क्या है एंड्रयू की स्थिति?
पद छिना, घर भी गया: सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, किंग चार्ल्स ने पिछले साल अक्टूबर में ही एंड्रयू से उनका ‘प्रिंस’ का टाइटल छीन लिया था. यही नहीं, उन्हें विंडसर के उनके पुश्तैनी घर से भी बेदखल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
आरोपों से इनकार: एंड्रयू ने हमेशा इन आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि उन्हें एपस्टीन की किसी भी गलत गतिविधि की जानकारी नहीं थी.
पुराने आरोप: साल 2010 में भी उन पर एक महिला के साथ संबंध बनाने के आरोप लगे थे, जिसे कथित तौर पर एपस्टीन ने भेजा था. फिलहाल पुलिस इन सभी कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है.
यूरो न्यूज और सीएनएन की रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए वे समय-समय पर अपडेट देते रहेंगे.
ये भी पढ़ें: पूर्व ब्रिटिश प्रिंस ने एपस्टीन को भेजी थीं बेटियों की तस्वीरें; ईमेल खुलासे से हुए बर्बाद
