Durga Puja : मंदिर से सोने का मुकुट चोरी, पीएम मोदी ने किया था गिफ्ट, बांग्लादेश में दुर्गा पूजा से संबंधित 35 अप्रिय घटनाएं

Durga Puja : बांग्लादेश में दुर्गा पूजा से संबंधित 35 अप्रिय घटनाएं दर्ज की गईं हैं जबकि 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक हिंदू मंदिर से स्वर्ण मुकुट चोरी हो गया.

Durga Puja : बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के दौरान हिंसा फैलाने की कोशिश की गई. पूजा उत्सव से संबधित करीब 35 अप्रिय घटनाओं के बाद 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 12 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं. मामले को लेकर पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है. यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब एक दिन पहले ही पता चला था कि प्रधानमंत्री मोदी मोदी द्वारा उपहार में दिया गया एक हस्तनिर्मित स्वर्ण मुकुट दुर्गा पूजा समारोह के दौरान बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिमी सतखीरा जिला स्थित एक हिंदू मंदिर से चोरी हो गया था. चोरी की इस घटना पर भारत ने चिंता व्यक्त की थी.

पांच-दिवसीय हिंदू धार्मिक उत्सव बुधवार को देवी दुर्गा के आह्वान के साथ शुरू हुआ, जिसे महाषष्ठी के नाम से जाना जाता है. यह उत्सव रविवार को देवी दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के साथ समाप्त होगा. बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं को 5 अगस्त को शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से अपदस्थ होने के बाद भड़की हिंसा के दौरान उत्पीड़न का सामना करना पड़ा. उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा संपत्तियों में तोड़फोड़ की गयी और मंदिरों को क्षतिग्रस्त किया गया. बांग्लादेश की 17 करोड़ की आबादी में महज आठ फीसदी हिंदू हैं.

दुर्गा पूजा उत्सव से संबंधित 35 घटनाएं हुई

‘द ढाका ट्रिब्यून’ ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) मोहम्मद मोइनुल इस्लाम के हवाले से बताया कि 1 अक्टूबर से लेकर अब तक देशभर में जारी दुर्गा पूजा उत्सव से संबंधित 35 घटनाएं हुई हैं, जिनमें 11 मामले दर्ज किए जा रहे हैं, 24 जनरल डायरी (जीडी) दर्ज की गयी और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने शुक्रवार को ढाका में बताया कि देशभर में 32,000 से अधिक मंडप में दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है.

Read Also : Bangladesh Video : बदमाशों ने दुर्गा पूजा मंडप पर पेट्रोल बम फेंका, मची अफरा-तफरी

सोने का मुकुट चोरी

आईजीपी इस्लाम ने सोने का मुकुट चोरी होने की घटना पर आश्वस्त किया कि पुलिस के पास घटना के लिए जिम्मेदार लोगों का रिकॉर्ड है. उन्होंने कहा कि ऐसे व्यवधानों में शामिल लोगों को सजा दिलाई जाएगी. अगर कोई दुर्गा पूजा के दौरान अराजकता पैदा करने या दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों में शामिल होने का प्रयास करेगा तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे. चटगांव में हमले के बारे में एक सवाल पर उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को एक छापे के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और इसके पीछे के उद्देश्य का पता लगाने के प्रयास जारी हैं.

दुर्गा पूजा मंडप के मंच पर इस्लामी क्रांति का आह्वान

इससे पहले ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ ने बताया कि गुरुवार को करीब छह लोगों ने ढाका से लगभग 250 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में चटगांव के जात्रा मोहन सेन हॉल में एक दुर्गा पूजा मंडप के मंच पर इस्लामी क्रांति का आह्वान करते हुए एक गीत गाया, जिससे व्यापक आक्रोश फैल गया. इस घटना का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों के बीच और आक्रोश उत्पन्न हो गया.

मोहम्मद युनूस जाएंगे ढाकेश्वरी मंदिर

बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद युनूस के रविवार को सदियों पुराने ढाकेश्वरी मंदिर में जाने की संभावना है जो ढाका में स्थित है और प्रमुख शक्ति पीठों में से एक है.
(इनपुट पीटीआई)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >