संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम अपनी पहली पत्नी के प्रति प्यार जताने का कोई मौका नहीं छोड़ते. शेखा हिंद बिन्त मकतूम बिन जुमा अल मकतूम के जन्मदिन पर उन्होंने एक भावनात्मक वीडियो साझा किया है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें दुबई की महारानी के बचपन की दुर्लभ झलकियां दिखाई दे रही हैं.
उन्होंने वीडियो पोस्ट के साथ लिखा, ‘तुम्हारे जन्मदिन पर… हर साल तुम्हें मेरे जीवन के सबसे खूबसूरत दिनों में शामिल करे… हर साल तुम्हें मेरी खुशी और सुकून की धड़कन बनाए… हर साल तुम्हें मेरी जीवन-यात्रा की साथी और मेरे जीवन की मित्र बनाए…’ उन्होंने आगे लिखा, ‘मेरी दुआ है कि ईश्वर तुम्हें सुरक्षित रखे… और तुम्हारी आंखों को मासूमियत, सपनों और जीवन की सरजमीं बनाए… और तुम्हारे दिल को मेरे लिए वह घर बनाए, जिसकी ओर लौटने की चाह मुझे हर दिन रहती है.’
यह वीडियो वर्ष 1970 की डॉक्यूमेंट्री Behind the Veil से लिया गया है, जिसकी शूटिंग दुबई में प्रसिद्ध फोटोग्राफर ईव अर्नोल्ड ने की थी. वीडियो में शेखा हिंद के बचपन के दृश्य सामने आते हैं. खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, बैकग्राउंड में नैरेटर की आवाज अरबी भाषा में सुनाई देती है, जो कहती है कि उसकी आंखों में भविष्य की झलक साफ दिखती थी. एक ऐसा भविष्य जो छोटे कदमों से एक महान राष्ट्र की ओर बढ़ रहा था. वह केवल किसी संग्रह की तस्वीर या फिल्म का एक फ्रेम नहीं थी, बल्कि ऐसी शख्सियत थी जिसकी मौजूदगी कैमरे से पहले दिलों पर असर डालती थी. उसकी उपस्थिति में शब्द ठहर जाते हैं और भावनाएं खुद बोलने लगती हैं.
शेख ने पढ़ा शेर
वीडियो के दौरान शेख मोहम्मद अपनी पत्नी के लिए एक शेर पढ़ते हुए भी सुनाई देते हैं. इसमें वह कहते हैं-
मैं लोगों के शोर के बीच तुम्हारी आवाज सुनता हूं.
एक ऐसा एहसास जो दिल और रूह दोनों में बहता है.
तुम्हारे साथ रहते हुए मैं संकल्प, विचार और निराशा भूल जाता हूं.
मेरा प्यार दिल और अंतरात्मा की गहराई में समाया हुआ है.
नैरेटर आगे जोड़ती है कि उनका नाम प्रेम की शायरी में ही नहीं, बल्कि दुबई की हर गली और हर कोने में अमर हो चुका है. वह केवल अपने बच्चों की मां नहीं हैं, बल्कि पूरे समाज की मां के रूप में देखी जाती हैं. नैरेटर के शब्दों में, “शेखों की मां और देश की साथी, आप दुबई का सहारा हैं और उसके लोगों की खुशी. हर साल आप इस शहर की रोशनी और उसकी कोमल धड़कन बनी रहती हैं.” वीडियो के अंतिम हिस्से में शेख मोहम्मद कहते हैं कि समय चाहे जितना भी बीत गया हो, वह आज भी वैसी ही हैं जैसी हमेशा से रही हैं.
पहले भी खुले आम जता चुके हैं अपना प्यार
यह पहली बार नहीं है, जब कविताओं को प्रेमी शेख राशिद ने अपनी पत्नी के लिए इस तरह खुले आम प्यार जताया है. दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अपना 19वां एक्सेशन डे अपनी पत्नी शेखा हिंद बिन्त मकतूम को समर्पित किया था. पिछले साल 2025 में उन्होंने शेखा हिंद को अपने जीवन की सबसे खूबसूरत चीज बताते हुए उन्हें अपना सबसे बड़ा सहारा और दुबई की आत्मा कहा था. 4 जनवरी 2006 को शेख मोहम्मद दुबई के शासक बने थे. संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस अवसर को शेखा हिंद को सम्मानित करने के लिए चुना और उन्हें अपने जीवन की सहयात्री और समर्थक तथा शेखों की मां कहा था.
शेखा हिंद बिन्त मकतूम अल मकतूम कौन हैं?
12 फरवरी 1962 को जन्मीं शेखा हिंद बिन्त मकतूम अल मकतूम दुबई के शाही परिवार की एक सम्मानित और प्रभावशाली सदस्य हैं. वह शेख मकतूम बिन जुमा अल मकतूम और शेखा शैखा बिन्त सईद बिन मकतूम अल मकतूम की बेटी हैं. वह दुबई के प्रतिष्ठित शासक शेख सईद बिन मकतूम बिन हशेर अल मकतूम की पोती हैं, जिन्होंने 1912 से 1958 तक दुबई पर शासन किया था.
वर्ष 1979 में शेखा हिंद का विवाह दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम से हुआ. उनके 12 बच्चे हैं. उस समय शेखा हिंद की उम्र 17 वर्ष थी और वह शेख मोहम्मद से 13 साल छोटी थीं. इनमें दुबई के युवराज शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम, दुबई के प्रथम उप शासक, यूएई के उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री शेख मकतूम बिन मोहम्मद अल मकतूम, तथा यूएई ओलंपिक समिति के प्रमुख शेख अहमद बिन मोहम्मद अल मकतूम शामिल हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुबई के शासक ने कम से कम छह विवाह किए हैं, जिनसे उनके कुल 30 बच्चे हैं.
शेखा हिंद अपनी परोपकारी सोच और सामाजिक कार्यों के लिए व्यापक रूप से जानी जाती हैं. वह कई ऐसी पहलों का नेतृत्व करती हैं, जिनका उद्देश्य संयुक्त अरब अमीरात के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को गति देना है. इनमें महिलाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना, अमीराती पारिवारिक मूल्यों को मजबूती देना और विभिन्न मानवीय व दान अभियानों का संचालन करना प्रमुख है.
ये भी पढ़ें:- बांग्लादेश चुनाव: सोमवार को PM पद की शपथ ले सकते हैं तारिक रहमान, नई कैबिनेट भी संभालेगी कार्यभार
ये भी पढ़ें:- जेफरी एप्स्टीन की मौत मर्डर या सुसाइड? पोस्टमार्टम देखने वाले डॉक्टर का खुलासा
