माले : मालदीव की राजधानी माले में पानी की आपूर्ति में अभी 10 दिन और लग सकते हैं, लेकिन जल संकट का पर्यटकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.
माले स्थित एक प्रमुख जल संयंत्र में आग लग जाने से माले में चार दिनों से पानी की आपूर्ति ठप्प है. राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता इब्राहीम मुआज अली ने बताया कि इंजीनियरों को पानी शुद्ध करने वाले संयंत्र को ठीक करने में उम्मीद से ज्यादा दिन लगेंगे.
उन्होंने कहा, ‘‘तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि पानी की सामान्य आपूर्ति बहाल होने में अभी सात से 10 दिन लग सकते हैं. हमें जितना डर था, नुकसान उससे कहीं ज्यादा हुआ था.’’ माले वाटर एवं सीवरेज कंपनी के जेनेरेटर कंट्रोल पैनल में चार दिसंबर को आग लग गयी थी. इससे इस संयंत्र को काफी नुकसान पहुंचा और मालदीव की राजधानी में पानी की आपूर्ति ठप्प पड़ गयी.
