West Bengal Breaking News : लूट को दबाने के लिए अराजकता फैला रहे तृणमूल के नेता : केंद्रीय मंत्री

West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले...

Live Updates
5:41 PM. 4 Oct 23 5:41 PM. 4 Oct

लूट को दबाने के लिए अराजकता फैला रहे तृणमूल के नेता : केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को यहां कहा कि हजारों करोड़ का लूट करने वाली पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी के नेता चोरी और सीनाजोरी कर रहे हैं. लेकिन उनकी यह नीति नहीं चलेगी. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सांसदों को मंगलवार को ग्रामीण विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति से मिलने का समय दिया गया था. मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति रात 8:30 बजे तक कार्यालय में बैठी रहीं, लेकिन उनसे मिलने के लिए तृणमूल कांग्रेस का ना तो कोई मंत्री और ना ही कोई सांसद आया.

5:41 PM. 4 Oct 23 5:41 PM. 4 Oct

रेलवे ट्रैक पर मिला बैंक कर्मचारी का शव

पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत पराज रेलवे स्टेशन के करीब रेल पटरी पर बुधवार सुबह एक बैंक कर्मी का क्षतविक्षत शव पाया गया. घटना की सूचना के बाद पानागढ़ आरपीएफ पोस्ट के अधिकारी के साथ बर्दवान जीआरपी मौके पहुंची. शव को जीआरपी बरामद कर ले गयी. जीआरपी ने बताया की मृत व्यक्ति की पहचान शेख इस्माइल (36) के रूप में की गई है. शेख इस्माइल दुर्गापुर के एक सरकारी बैंक का कर्मचारी था. स्थानीय लोगों के मुताबिक शेख इस्माइल फिलहाल गलसी थाने के पुरसा गांव में रह रहा था. वह मूल रूप से दक्षिण चौबीस परगना जिले के मंदिरबाजार थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव का रहने वाला था. स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह वह बैंक के काम से दुर्गापुर जा रहा था. कैसे वह रेल पटरी पर गिर गया इसका पता नहीं चल सका है. जीआरपी के मुताबिक घठना की जांच की जा रही है.

रिपोर्ट : मुकेश तिवारी (बर्दवान/पानागढ़)

5:41 PM. 4 Oct 23 5:41 PM. 4 Oct

दंत चिकित्सक से मांगी गयी पांच लाख की रकम

पूर्व बर्दवान जिले के भातार थाना क्षेत्र के एक दंत चिकित्सक को पांच लाख रुपये की रकम अदा करने के लिए माओवादियों के नाम से पत्र मिला है. पत्र मिलने से चिकित्सक और उसका परिवार दहशत में है. बुधवार को मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. यह पता लगाया जा रहा है कि वास्तव में पत्र किसी माओवादी संगठन ने लिखा है या फिर इसके पीछे किसी की बदमाशी है.

5:41 PM. 4 Oct 23 5:41 PM. 4 Oct

दीघा : 110 किलो की भोला मछली 25 हजार में बिकी

दीघा के मुहाने पर मछुआरों ने एक विशाल आकार की भोला मछली को पकड़ा, जिसकी बाद में नीलामी की गयी. लगभग 110 किलोग्राम की इस भोला मछली को असीम कुंडू ने 25 हजार रुपये में खरीदी. इस तरह की मछली बांग्लादेश में निर्यात होती है. ये मछलियां अधिकतर बड़े ट्रॉलरों में पकड़ी जाती हैं. यह मछली आमतौर पर गहरे समुद्र में पायी जाती है. मछली को देखने के लिए मछुआरों और पर्यटकों की भीड़ लग गयी थी. दीघा घूमने आये कई पर्यटकों ने मछली की तस्वीर अपने कैमरे में कैद की.

5:41 PM. 4 Oct 23 5:41 PM. 4 Oct

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिक्किम में अचानक आई बाढ़ के बाद 23 जवानों के लापता होने पर जताई चिंता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिक्किम में अचानक आई बाढ़ के बाद 23 सैनिकों के लापता होने की खबर पर बुधवार को चिंता जताई और अपनी सरकार की ओर से हरसंभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया है. अधिकरियों ने बताया कि उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील पर अचानक बादल फटने से लाचेन घाटी में तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे सेना के 23 जवान बह गए और उनका शिविर व वाहन कीचड़ में धंस गए. ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, सिक्किम में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ में 23 जवानों के लापता होने की खबरों से बहुत चिंतित हूं.

5:41 PM. 4 Oct 23 5:41 PM. 4 Oct

आसनसोल रेलवे स्टेशन के पार्सल आफिस से अवैध शराब जब्त

आसनसोल रेलवे स्टेशन के पार्सल आफिस से आरपीएफ की सीआईबी ने अवैध शराब जब्त किया है. फिलहाल तलाशी जारी है.

रिपोर्ट : राम कुमार (आसनसोल)

5:41 PM. 4 Oct 23 5:41 PM. 4 Oct

अग्निमित्रा पाॅल के नेतृत्व में आसनसोल में बीजेपी के मिट्टी संग्रह कार्यक्रम को लेकर हंगामा, पुलिस के साथ हुई झड़प

आसनसोल में अग्निमित्रा पाॅल के नेतृत्व में बीजेपी के आमार माटी आमार देश अभियान के तहत मिट्टी संग्रह कार्यक्रम के दौरान निकाली गई रैली को लेकर अचानक काफी हंगामा शुरु हो गया. पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रैली को रोकने की कोशिश की. बीजेपी समर्थकों बैरिकेड तोड़ कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे. इस दौरान पुलिस के साथ बीजेपी समर्थकों की झड़प की घटना सामने आई है. पुलिस का कहना है कि इस रैली के लिये पुलिस की ओर से कोई अनुमति नहीं मांगी गई थी. मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. हालांकि अग्निमित्रा पाॅल का कहना है कि हमारी रैली को रोका जा रहा है जबकि तृणमूल समथकों की रैली को लेकर पुलिस की कोई प्रतिक्रिया नहीं है. गौरतलब है कि आसनसोल में अभिषेक बनर्जी की गिरफ्तारी के विरोध में जगह-जगह पर रैली निकाली जा रही है.

रिपोर्ट : राम कुमार (आसनसोल)

5:41 PM. 4 Oct 23 5:41 PM. 4 Oct

राजभवन चलो अभियान की तैयारी दिल्ली से ही शुरू

केंद्रीय सुविधाओं की मांग को लेकर दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री से मुलाकात के दौरान पार्टी नेताओं को पुलिस उत्पीड़न का सामना करना पड़ा. पुलिस हिरासत से छूटने के बाद तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अगले कार्यक्रम की घोषणा की. उन्होंने कहा तृणमूल एक लाख कार्यकर्ता समर्थकों और ‘राजभवन चलो’ अभियान चलाएगी.

12:45 PM. 4 Oct 23 12:45 PM. 4 Oct

अभिषेक बनर्जी को 9 अक्टूबर को ईडी ने फिर किया तलब

पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में जांच के लिए ईडी ने अभिषेक बनर्जी को दोबारा बुलाया है. केंद्रीय जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक उन्हें अगले सोमवार यानि की 9 अक्टूबर को सीजीओ कॉम्प्लेक्स में बुलाया गया है. वहीं दूसरी ओर ईडी ने तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी से भी पूछताछ करना चाहती है. ईडी सूत्रों के मुताबिक इस मामले में अभिषेक-पत्नी को समन भेजा गया है. मालूम हो कि रुजिरा को भी अगले हफ्ते सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पेश होने के लिए कहा गया है. ईडी सूत्रों के अनुसार जांचकर्ता अभिषेक बनर्जी और उनके माता-पिता के साथ रुजिरा से भी पूछताछ करना चाहते हैं.

11:45 AM. 4 Oct 23 11:45 AM. 4 Oct

हरिदेवपुर : कमरे में फंदे से लटका मिला वृद्ध

 हरिदेवपुर इलाके में फंदे से लटके हालत में एक वृद्ध को पाया गया. घटना मल्लिकपुर स्थित मांगुरखाली इलाके की है. तुरंत उसे एमआर बांगुर अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत करार दिया. मृतक का नाम श्यामल नस्कर (64) बताया गया है. खबर पाकर हरिदेवपुर थाने की पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इससे जुड़े सवालों का जवाब पुलिस जानने की कोशिश कर रही है.

11:08 AM. 4 Oct 23 11:08 AM. 4 Oct

लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई जिलों में बाढ़ का खतरा

राज्य में दक्षिण से लेकर उत्तर बंगाल के जिलों में लगातार बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. राज्य सचिवालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य में कूचबिहार, पूर्व मेदिनीपुर, बांकुड़ा, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, पुरुलिया, कोलकाता, पश्चिम मेदिनीपुर व दक्षिण 24 परगना जिले में बारिश हुई है. इन जिलों में कुल 1259 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. सिर्फ बांकुड़ा जिले में ही मेजिया चर क्षेत्र व दामोदर नदी के किनारे सोनामुखी ब्लॉक के आस-पास के क्षेत्र में 970 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

मुख्य बातें

West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shinki Singh

10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >