हाथ-पैर बांधकर लकड़ी के बक्से में बंद बच्चे की तस्करी की योजना नाकाम, साहिबगंज में सकुशल हुई बरामदगी

jharkhand crime news: साहिबगंज के बरहरवा में पुलिस ने नाबालिग बच्चों की तस्करी का खुलासा किया है. पुलिस ने एक दुकान से हाथ-पैर बांध कर लकड़ी के बक्से में रखे बच्चे को बरामद किया है. बच्चे को बाहर ले जाने की योजना थी. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.

Jharkhand Crime News: साहिबगंज जिला अंतर्गत बरहरवा थाना क्षेत्र के फुटानी मोड़ स्थित एक दुकान से बच्चों की तस्करी कर बाहर भेजे जाने का मामला सामने आया है. इसका खुलासा तब हुआ, जब उधवा के राधानगर निवासी फेगू शेख के 14 साल के पुत्र माबूद आलम को पुलिस ने फुटानी मोड़ स्थित दुकान से बरामद किया. महबूब को हाथ-पैर बांध कर रात भर लकड़ी के एक बक्से में रखा गया था. पुलिस ने मामले में शाहिन शेख को हिरासत में लिया है. वह दुकान के पास ही मौजूद था. माबूद के पिता फेगू शेख की शिकायत पर राधानगर थाना ने प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

कैसे हुई बरामदगी

बरहरवा एसडीपीओ प्रदीप कुमार उरांव ने पत्रकारों से बात करते हुए कह कि बच्चे की तस्करी की योजना थी. शुक्रवार की सुबह बरहरवा थाना पुलिस को जानकारी मिली कि फुटानी मोड़ स्थित एक दुकान में बच्चे को बंद कर रखा गया है. पुलिस मौके पर पहुंची. बच्चे के साथ दुकान के पास मौजूद शाहिन शेख को बरहरवा थाना लाया गया.

पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह राधानगर थाना क्षेत्र के टापू टोला गांव का रहनेवाला है. गांव के ही जोकिम शेख ने 1800 रुपये प्रतिदिन कमाने की बात कह गुरुवार रात उसे लेकर फुटानी मोड़ पहुंचा था. इसके बाद उसके हाथ-पैर बांध दिये गये. इसके बाद लकड़ी के बक्से में बंद कर दुकान में रख दिया.

Also Read: झारखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात चोर आलम शेख के घर से 50 लाख के मोबाइल जब्त, नदी में कूदकर भागा चोर

पुलिस के अनुसार, बच्चे ने पूछताछ में बताया कि रात भर बक्से में बंद रहा. सुबह उसने किसी तरह बक्से को पलट दिया. इसके बाद पैर से मार कर किसी तरह बक्से को तोड़ा. आवाज सुनकर आसपास के लोग दुकान के पास पहुंचे. इसके बाद वह चिल्लाने लगा. ग्रामीणों ने उसे दुकान से बाहर निकाला और बरहरवा थाना पुलिस को सूचना दी.

गिरफ्तार युवक शाहिन शेख को राधानगर पुलिस अपने कब्जे में थाने ले गयी है. मौके पर बरहरवा इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार, बरहरवा थाना प्रभारी रवींद्र कुमार, एसआई योगेंद्र प्रसाद, एसआइ विक्रम कुमार, राधानगर थाना के एसआई नीतीश कुमार राय सहित अन्य मौजूद थे.

Posted By: Samir Ranjan.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >