रांची के नामकुम में 2 सड़क दुघर्टना में सेना के हवलदार सहित 3 की मौत, 5 घायल
नामकुम (रांची), राजेश वर्मा : रांची जिले के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित चटकपुर आर्मी भर्ती मैदान एवं खरसीदाग ओपी क्षेत्र के पिंडारकोम में हुई दो अलग सड़क दुघर्टना में सेना के हवलदार सहित तीन युवकों की मौत हो गई है. मृतकों में हवलदार नीरज कुमार (कुर्वा , मुजफ्फरपुर, बिहार, वर्तमान में 404 लाइट एड़ी रेजीमेंट यूनिट, कुटियातु), एलेन (नया टोली सिमडेगा) और बालगोविंद महतो (कुटीयातु) शामिल हैं जबकि वारिश, एल्विन, जैस (तीनों सिमडेगा निवासी) , कर्ण कुमार ठाकुर (12 वर्ष), आयुष महतो (12 वर्ष) घायल है जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. खरसीदाग ओपी के पिंडारकोम में दो गुटों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था जिसे देखने के लिए सड़क किनारे स्थानीय लोग खड़े थे. इसी दौरान खरसीदाग की ओर जा रही तेज रफ्तार एक वाहन ने कार को टक्कर मारते हुए खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. जिससे बालगोविंद की मौत हो गई जबकि कर्ण एवं आयुष घायल हो गए. वहीं, दूसरी घटना देर शाम चटकपुर आर्मी भर्ती मैदान के समीप की है जहां 404 लाइट एडी रेजीमेंट यूनिट से ड्यूटी कर स्कूटी से अलवर्ट एक्का लाइन स्थित क्वार्टर जा रहे हवलदार नीरज कुमार को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी जिसमें स्कूटी सवार एवं कार सवार चार युवकों को चोट आयी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां नीरज कुमार एवं एल्विन की मौत हो गई. कार में पांच युवक सवार थे. सभी रांची में रहकर पढ़ाई करते थे एवं होली की छुट्टी में सिमडेगा लौट रहे थे.