Photos: सीएम हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को पर्यटन विहार की दी सौगात, कहा- रोजगार के नये अवसर होंगे पैदा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ के पतरातू लेक रिसॉर्ट परिसर में वीआईपी गेस्ट हाउस 'पर्यटन विहार' राज्यवासियों को समर्पित किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि पतरातू डैम के विकास से कई और कड़ियां जुड़ेंगी. साथ ही आसपास के क्षेत्रों का विकास होने और रोजगार के नये अवसर पैदा होने की बात कही.

सीएम हेमंत ने पर्यटन विहार राज्यवासियों को किया समर्पित

Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रामगढ़ के पतरातू लेक रिसॉर्ट परिसर में नवनिर्मित ‘पर्यटन विहार’ (वीआईपी गेस्ट हाउस) राज्यवासियों को समर्पित किया. इस मौके पर सीएम ने कहा कि इस पहल से पर्यटन के मानचित्र पर झारखंड को एक अलग पहचान मिलेगी. कहा कि झारखंड को प्रकृति ने कई खूबसूरत सौगातें दी है. इस राज्य को खनिज-संपदा के लिए तो जाना ही जाता है. इसके अलावा यहां का प्राकृतिक सौंदर्य, मनोरम और मनमोहक वादियां और धार्मिक स्थल भी आकर्षण का केंद्र रहा है. यहां के पर्यटक स्थल और भी खूबसूरत हों. यहां सैलानियों को सभी जरूरी सुविधाएं मिलें. देश- दुनिया के सैलानियों का यह आकर्षण का केंद्र बनें. इसे ध्यान में रखकर सरकार द्वारा सभी पर्यटक स्थलों के विकास के लिए विशेष कार्य योजना बनाई जा रही है और उसे चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है.

यहां पिकनिक मनाएं पर डैम को नुकसान न पहुंचाएं

मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि यह पर्यटक स्थल आपकी संपत्ति है. आप यहां पिकनिक मनाएं. घूमे- फिरे और मनोरंजन करें. लेकिन, इसे किसी भी सूरत में नुकसान न पहुंचाएं. इसे प्रदूषित नहीं करें. पूरे परिसर की साफ-सफाई का ध्यान रखें. सरकार किसी भी पर्यटक स्थल के आधारभूत संरचना को मजबूती दे सकती है, लेकिन इसे चलाना और सुरक्षित रखना आपकी जिम्मेदारी है.

आसपास के क्षेत्रों का होगा विकास, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर

उन्होंने कहा कि एक पर्यटक स्थल के रूप में पतरातू डैम की एक अलग छवि बन रही है. यहां आने वाले सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. इसका सीधा लाभ यहां के लोगों को मिलेगा. इससे एक तरफ आसपास के क्षेत्रों का विकास होगा, वहीं रोजगार के भी नये अवसर बढ़ेंगे. यह सिर्फ एक डैम नहीं है, बल्कि आपकी आमदनी का एक बड़ा स्रोत भी है. कहा कि लोगों की सहभागिता के बिना कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती है.

डैम एरिया का नहीं हो अतिक्रमण

सीएम ने कहा कि पतरातू डैम कैचमेंट एरिया का सीमांकन किया जाएगा, ताकि इसका अतिक्रमण नहीं हो और इसे सुरक्षित रखा जा सके. इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि डैम परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करें.

जल्द मिलेगी रोपवे की सौगात

वहीं, राज्य के पर्यटन मंत्री हफीजुल हसन ने पतरातू डैम परिसर को एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किए जाने को लेकर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यहां आने वाले सैलानियों के लिए जल्द ही रोपवे का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा पतरातू और नेतरहाट के लिए भी बस सेवा की शुरुआत की जाएगी. वहीं, पतरातू डैम में वाटर एक्टिविटीज तथा वाटर स्पोर्ट्स भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे.

छह योजनाओं का हुआ उद्घाटन और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लगभग 12 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से छह योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इसमें 7 करोड़ 10 लाख रुपये की दो योजनाओं का उद्घाटन और 5 करोड़ 82 लाख रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास शामिल है.

वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेता हुए पुरस्कृत

इसके अलावा समारोह में पर्यटन निदेशालय द्वारा आयोजित फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया. इस अवसर पर पर्यटन मंत्री हफीजुल हसन, राज्य समन्वय समिति के सदस्य फागु बेसरा, विधायक अंबा प्रसाद, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, भवन निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, पर्यटन निदेशक अंजलि यादव एवं रामगढ़ के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Samir Ranjan

Senior Journalist with more than 20 years of reporting and desk work experience in print, tv and digital media

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >