Best Free Government Apps: आज भी कई बार ऐसा होता है कि किसी सरकारी काम के लिए लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है. कभी फॉर्म भरने का झंझट, तो कभी एक काउंटर से दूसरे काउंटर तक चक्कर लगाने पड़ते हैं. खासकर गांव और छोटे शहरों में ये परेशानी और ज्यादा देखने को मिलती है. लेकिन अब हालात धीरे-धीरे बदल रहे हैं. सरकार ने कुछ ऐसे फ्री मोबाइल ऐप लॉन्च किए हैं, जिनकी मदद से लोग घर बैठे ही अपने फोन से कई जरूरी सरकारी काम निपटा सकते हैं.
ये ऐप्स लोगों को घर बैठे ही अपने डॉक्यूमेंट चेक करने, अलग-अलग सर्विस के लिए अप्लाई करने, रिक्वेस्ट का स्टेटस देखने और अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा देते हैं. आइए आपको बताते हैं कौन-कौन से हैं ये ऐप्स.
उमंग (UMANG)
UMANG एक सरकारी मोबाइल ऐप है. इसे Digital India पहल के तहत बनाया गया है. आसान भाषा में समझें तो ये एक ऐसा ऐप है, जहां आपको अलग-अलग सरकारी सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ती. इस एक ही ऐप में कई केंद्र और राज्य सरकार की सेवाएं मिल जाती हैं. इसकी मदद से आप बिजली-पानी का बिल भर सकते हैं, सरकारी योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं, Aadhaar और DigiLocker इस्तेमाल कर सकते हैं, पेंशन से जुड़े काम कर सकते हैं और EPFO से जुड़े कई काम भी घर बैठे निपटा सकते हैं.
डिजीयात्रा (DigiYatra)
DigiYatra एक ऐसा डिजिटल ट्रैवल ऐप है जो एयरपोर्ट पर आपकी यात्रा को झंझट-मुक्त और तेज बनाने के लिए बनाया गया है. इसमें फेस रिकग्निशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होता है. इसकी मदद से आपको बार-बार आईडी या बोर्डिंग पास दिखाने की जरूरत नहीं पड़ती. ये ऐप आधार और एयरलाइन की डिटेल्स से जुड़ा रहता है. इससे एयरपोर्ट पर एंट्री और चेकिंग बिना कॉन्टैक्ट के आसानी से हो जाती है. इससे लाइन में लगने का समय भी बचता है और सफर ज्यादा आरामदायक बन जाता है.
डीजीलॉकर (DigiLocker)
DigiLocker भारत सरकार का एक सुरक्षित डिजिटल प्लेटफॉर्म है. यहां आप अपने जरूरी सरकारी डॉक्यूमेंट्स ऑनलाइन संभालकर रख सकते हैं. इसमें आप आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मार्कशीट या दूसरे सरकारी आईडी डॉक्यूमेंट अपलोड कर सकते हैं या सीधे सरकार से पा सकते हैं. इससे कागज साथ रखने की झंझट खत्म हो जाती है. इसकी मदद से आप कभी भी, कहीं भी अपने डॉक्यूमेंट आसानी से दिखा या शेयर कर सकते हैं.
एम परिवहन (mParivahan)
यह ऐप गाड़ी और ड्राइविंग से जुड़े कई काम आसान बना देता है. इस ऐप में आप अपना ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी का RC डिजिटल रूप में रख सकते हैं. इसकी मदद से कागज साथ रखने की झंझट खत्म हो जाती है. इसके जरिए आप RC और DL की डिटेल्स चेक कर सकते हैं, ई-चालान स्टेटस देख सकते हैं, परमिट डिटेल्स पता कर सकते हैं और गाड़ी से जुड़ी जानकारी तुरंत निकाल सकते हैं.
आधार (Aadhaar App)
यह UIDAI का ऑफिशियल मोबाइल ऐप है. इसकी मदद से आप घर बैठे अपने आधार से जुड़े कई काम आसानी से कर सकते हैं. इसमें आप आधार वेरिफाई कर सकते हैं, e-KYC शेयर कर सकते हैं, Virtual ID बना सकते हैं और आधार की ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री भी चेक कर सकते हैं. साथ ही आप सुरक्षित तरीके से मास्क्ड आधार शेयर कर सकते हैं, नजदीकी एनरोलमेंट सेंटर ढूंढ सकते हैं.
यह भी पढ़ें: अब आपका आधार होगा सुपर सेफ, नए Aadhaar ऐप से सिर्फ वही डिटेल शेयर करें जो आप चाहें, जानिए पूरा तरीका
