पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला : TMC नेता तापस साहा से CBI ने की पूछताछ, आवाज का लिया नमूना

तृणमूल विधायक साहा को केंद्रीय जांच एजेंसी के कार्यालय में हाजिर होने के लिए नोटिस भेजा गया था. वह सुबह करीब 11.15 बजे सीबीआई कार्यालय पहुंचे.

कोलकाता : बंगाल के सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में हुईं नियुक्तियों के घोटाले व रिश्वत के बदले लोगों को सरकारी विभाग में नौकरी दिलाने के मामले की जांच के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने शुक्रवार को तेहट्ट के विधायक व तृणमूल कांग्रेस के नेता तापस साहा व अन्य तीन लोगों से पूछताछ की है. इस दौरान केंद्रीय जांच एजेंसी ने उनकी आवाज का नमूना भी संग्रह किया, जिसे जांच के लिए सेंट्रल फॉरेंसिक लैब भेजा जायेगा.

तापस साहा बोले- जांच एजेंसी को दिया पूरा सहयोग

तृणमूल विधायक तापस साहा को शुक्रवार को यहां निजाम पैलेस स्थित केंद्रीय जांच एजेंसी के कार्यालय में हाजिर होने के लिए नोटिस भेजा गया था. तृणमूल विधायक इस दिन सुबह करीब 11.15 बजे सीबीआई कार्यालय पहुंचे. करीब दो घंटे बाद यानी अपराह्न लगभग 1.15 बजे वह सीबीआई कार्यालय से बाहर निकले. सीबीआई कार्यालय के बाहर पत्रकारों से बातचीत में तृणमूल विधायक तापस साहा ने कहा कि उन्होंने जांच में केंद्रीय जांच एजेंसी का पूरा सहयोग किया है.

तापस साहा के अधिवक्ता ने कही ये बात

इधर, तृणमूल विधायक के अधिवक्ता ने कहा उनके मुवक्किल को उनकी आवाज का नमूना संग्रह करने के लिए सीबीआइ ने तलब किया था. बताया जा रहा है कि नियुक्तियों के घोटाले की जांच कर रही सीबीआइ के हाथ एक फोन कॉल की रिकॉर्डिंग लगी है. आशंका है कि यह रिकॉर्डिंग नियुक्ति घोटाले से संबंधित है. यह भी अंदेशा है कि रिकार्डिंग में आवाज विधायक तापस साहा की हो सकती है. इसकी सत्यता की पुष्टि के लिए ही तृणमूल विधायक की आवाज का नमूना संग्रह किया गया.

इससे पहले, इडी ने शिक्षक नियुक्ति घोटाले में गिरफ्तार सुजय कृष्ण भद्र उर्फ ‘कालीघाटेर काकू’ की आवाज के नमूने की फॉरेंसिक जांच करायी थी. तृणमूल विधायक साहा पर रिश्वत के बदले लोगों को नौकरी दिलाने का वादा करके उनसे पैसे ऐंठने का आरोप है. पिछले वर्ष अप्रैल में कोलकाता हाइकोर्ट ने उक्त मामले की जांच सीबीआई को करने का निर्देश दिया था. मामले को लेकर केंद्रीय जांच एजेंसी नदिया में विधायक के आवास व अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी कर चुकी है.

Also Read: पश्चिम बंगाल: कोलकाता के सरकारी अस्पताल एसएसकेएम को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >