North bengal Weather: बनारहाट : उत्तर बंगाल में भारी बारिश हो रही है. इसके चलते कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. भूटान हिल्स और दुआर्स में दोपहर से लगातार हो रही बारिश के कारण बनारहाट क्षेत्र में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. हाटिनाला नदी का पानी उफान पर आकर बनारहाट बाजार में घुस गया है. इसके परिणामस्वरूप बाजार के आसपास के कई इलाकों में पानी जमा हो गया है, जिससे आम लोगों में परेशानी और दहशत का माहौल है. एक बड़ा इलाका जलमग्न हो चुका है.
पहाड़ी नदियों में ऊफान, सुरक्षित जगहों पर जा रहे लोग
हातिनालाई ही नहीं, बल्कि अंग्रावसा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है. नदी में बढ़ते जलस्तर से ज्योतिर्मोय कॉलोनी क्षेत्र में गंभीर स्थिति की आशंका बढ़ गई है. नदी किनारे बसे लोग दहशत में हैं और सुरक्षित आश्रय की तलाश कर रहे हैं. कई लोग नदी किनारे जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिंदगुरी चौकी के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. नदी और नालों के आसपास के इलाकों के निवासियों को चेतावनी दी जा रही है और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
स्थिति पर प्रशासन की नजर
प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है. आशंका है कि अगर लगातार बारिश जारी रही तो जलस्तर और बढ़ सकता है. उत्तर बंगाल में पिछले सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है. दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कालिम्पोंग, कूच बिहार जैसे जिलों में लगातार बारिश हो रही है. लगातार बारिश के कारण तीस्ता, तोरसा, जलढाका, रायडक जैसी नदियों में जलस्तर बढ़ रहा है. पहले भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई थीं और अब भूटान की पहाड़ियों में भी धीरे-धीरे जलस्तर बढ़ रहा है.
Also Read: उत्तर बंगाल में पर्यटन को नयी उड़ान, सैंडकफू में बनेंगे पर्यावरण अनुकूल 10 कंटेनर होम
