सिलीगुड़ी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), माकपा के श्रमिक संगठन सीटू, जनता दल (यूनाइटेड) व महावीरस्थान खुदरा व्यवसायी समिति व समाज कल्याण समिति के जोरदार आंदोलन के बाद महावीर स्थान फ्लाइओवर के नीचे की जमीन को खाली कराने पहुंचे एसजेडीए व सिलीगुड़ी नगर निगम के अधिकारी व पुलिस प्रशासन को बैरंग लौटना पड़ा.
करीब साढ़े तीन घंटे तक प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए काफी जोर आजमाइश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों के जोश के आगे प्रशासन पस्त नजर आया और बिना अतिक्रमण हटाये ही लौट जाने के लिए बाध्य हुआ.
बीती रात को एसजेडीए द्वारा अचानक माइकिंग कर सिलीगुड़ी थाना अंतर्गत महावीर स्थान में फ्लाइओवर के नीचे की जमीन को शुक्रवार सुबह 11 बजे तक खाली कर देने के लिए प्रचार किया था. इस माइकिंग के बाद से ही फ्लाइओवर के नीचे जमीन पर बैठ कर व्यवसाय करने वाले खुदरा व्यापारियों में हड़कंप मच गया. यह खबर मिलते ही भाजपा की सिलीगुड़ी इकाई खुदरा व्यापारियों के समर्थन में आगे आयी. आज सुबह 11 बजे भाजपा के अलावा भाजपा की अन्य विंग युवा मोरचा, मजदूर मोरचा एवं जनता दल (यूनाइटेड) के नेता, कार्यकर्ता व समर्थक भारी तादाद में महावीरस्थान पहुंचे एवं खुदरा व्यापारियों को प्रशासन से न डरने एवं तृणमूल कांग्रेस की साजिश को नाकाम करने के लिए एक होकर लड़ाई लड़ने की अपील की. अतिक्रमण हटाने के लिए एसजेडीए एवं सिलीगुड़ी नगर निगम के अधिकारी व पुलिस प्रशासन बुल्डोजर एवं हथौड़ों से लैस सैकड़ों मजदूरों को लेकर 11.40 मिनट पर मौके पर पहुंचे.
जैसे ही ये लोग पहुंचे, प्रदर्शनकारी उग्र हो उठे. जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए बुल्डोजर का चक्का हिलने तक नहीं दिया एवं हथौड़ों से लैस मजदूरों को वाहनों से उतरने भी नहीं दिया गया. एसजेडीए के प्रतिनिधि एवं पुलिस प्रशासन के आलाधिकारियों ने प्रदर्शनकारी नेताओं को समझाने की कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारियों ने एक न सुनी. बाद में माकपा की श्रमिक संगठन सीटू के दाजिर्लिंग जिला के अध्यक्ष व पूर्व राज्यसभा सांसद समन पाठक उर्फ सूरज भी मौके पर दोपहर 1.30 बजे पहुंचे और खुदरा व्यापारियों के हक में प्रशासन से बातचीत भी की. समन पाठक ने भी प्रशासन से पहले व्यापारियों को पुनर्वास देने के बाद ही अतिक्रमण हटाने की बात कही. साथ ही पहले इस मुद्दे पर सर्वदलीय एवं खुदरा व्यापारियों के साथ बैठक करने की सलाह प्रशासनिक अधिकारियों को दी. आज यहां एक भी दुकानें नहीं हटेगी. पहले बातचीत करें, व्यापारियों को व्यापार के लिए जगह दें, उसके बाद जो करना है वो करें. इधर भाजपा के जिला महासचिव नंदन दास ने सभी व्यवसायियों के पुनर्वास की मांग की है. श्री दास ने कहा कि बगैर इनके पुनर्वास की व्यवस्था किये बिना किसी भी दुकानों को हटाने नहीं देंगे. उन्होंने बड़े पैमाने पर आंदोलन की धमकी भी दी है.
