सिलीगुड़ी : गल्ला की थोक मंडी खालपाड़ा में दिनदहाड़े व्यवसायी से रुपये छिनताई मामले में सिलीगुड़ी की पुलिस ने त्वरित कार्रवायी करते हुए छिनताईबाजों को रुपये के सात गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार छिनताईबाज परवेज खान को पुलिस ने अदालत से तीन दिन के लिए रिमांड पर लिया है. खान के बयान के आधार पर पुलिस ने एक अन्य शार्गिद 12वर्षीय नाबालिग छोटे उस्ताद को भी गिरफ्तार कर लिया.
आज उसे दार्जिलिंग स्थित जुबैनाइल कोर्ट में पेश किया गया. दोनों ही सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर छह के डांगीपाड़ा के रहनेवाले हैं. प्राप्त समाचार के अनुसार इन दोनों ने फिल्मी अंदाज में छिनताई की वारदात को अंजाम दिया था. दो दिन पहले परवेज खान एक खास कंपनी के सेल्समैन का वेश धारण कर खालपाड़ा के नेहरु रोड स्थित व्यवसायी ओमप्रकाश अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर पहुंचा. उसने बड़ी चालाकी के साथ कंपनी का प्रोडक्ट खरीदने के लिए ओमप्रकाश को झांसे में ले लिया.
ओमप्रकाश प्रोडक्ट को लेकर अपने प्रतिष्ठान से उठकर जैसे ही भीतर की ओर गये. उसी समय एक छोटा बच्च दौड़कर आया और केस बॉक्स से रुपये का बंडल लेकर फरार हो गया. प्रतिष्ठान के कर्मचारी चिल्लाते हुए बच्चे को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन वह सबको चकमा देकर फरार हो गया. लेकिन परवेज को लोगों ने धर दबोचा और पुलिस को सौंप दिया. पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 78 हजार रुपये की छिनताई हुई थी जो बरामद हो गयी.
