सिलीगुड़ी: हत्या के दो अलग-अलग वारदातों से आज सिलीगुड़ी के लोग सहम उठे. पहली वारदात प्रधान नगर थाना अंतर्गत चम्पासारी के नर्मदा बगान इलाके के चार नंबर आदा घाट के बरतला इलाके में हुई है. सुबह मॉर्निग वाक में निकले स्थानीय लोगों की पहली नजर मदर टेरेसा इंगलिश स्कूल के सामने पवित्र नगर रोड के एक खाली जमीन पर खून से लथपथ अवस्था में एक व्यक्ति की लाश पर पड़ी.
खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई. सूचना मिलते ही एडीसीपी सबरी राजकुमार के, प्रधान नगर थाना के इंस्पेक्टर तपन भट्टाचार्य दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. साथ ही वार्ड नंबर 46 की पार्षद शिखा राय भी मौके पर पहुंची. चम्पासारी के इस रिहायशी इलाके में आज सुबह अचानक लाश बरामद होने से लोगों के साथ-साथ पुलिस भी शकते में है. प्रारंभिक जांच में पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि रात में किसी ने भारी वस्तु या पत्थर से सिर पर प्रहार किया है, जिससे उसकी मौत हो गयी है. मृतक के हाथ में गोदे हुए नाम दीपा नारायण दास से उसकी पहचान का अनुमान पुलिस लगा रही है. हालांकि मृतक के पास से किसी तरह का पहचान पत्र, मोबाइल फोन, मनी बैग व अन्य कोई सामान बरामद नहीं होने से उसकी सटिक पहचान नहीं हो पा रही है.
वेशभूषा से वह मजदूरी करने वाला व्यक्ति नजर आ रहा है. वहीं घटनास्थल के इर्द-गिर्द मकानों में रहने वालों ने वारदात को लेकर अपना मुंह नहीं खोला. लोगों का कहना था कि वारदात कब और कैसी हुई, उन्हें नहीं मालूम. सुबह कुछ लोग जब मॉर्निग वाक के लिए निकले, तभी उन्हें मर्डर होने की खबर मिली. वहीं इलाका वासियों का कहना है कि शाम होने के साथ ही इस जमीन पर शराबियों का अड्डा लगता है, जो देर रात तक जमा रहता है. पास में ही अवैध शराब का ठेका भी है. इनके कारण शाम होते ही यहां से गुजरना काफी मुश्किल होता है. खासकर युवतियों व महिलाओं को काफी परेशानी होती है.
मर्डर की दूसरी वारदात वार्ड नंबर पांच के संतोषीनगर के रिहायशी इलाके में घटी है. संतोषीनगर के नजदीक से बहने वाली महानंदा नदी के किनारे से बोरे में बंद एक महिला की लाश के बरामद होने से सनसनी मच गई. सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची. बोरे में बंद लाश को अपने कब्जे में लिया. मृत महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है. प्रारंभिक जांच में पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि संभवत: महिला को दो-तीन दिन पहले मार कर बोरे में बंद कर नदी में फेंक दिया गया, जो बहते हुए यहां पहुंच गया. बोरा खुलने के साथ ही लाश से बदबू आ रही थी. खबर की पुष्टि करते हुए एडीसीपी सबरी राजकुमार के. ने बताया कि फिलहाल दोनों लाशों की शिनाख्त सही तरीके से नहीं हो पायी है. दोनों लाशों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कालेज व अस्पताल में भेज दिया गया है. दोनों लाशों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पायेगा कि इनकी मौत कैसे हुई है.
