मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ संसद में महाभियोग लाना चाहती है तृणमूल

तृणमूल कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद में महाभियोग लाना चाहती है.

संवाददाता, कोलकाता

तृणमूल कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद में महाभियोग लाना चाहती है. इसे लेकर मंगलवार दोपहर तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी व पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने पार्टी के सभी सांसदों के साथ बैठक की. जानकारी के मुताबिक बैठक में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी के सांसदों को संसद में महाभियोग लाने के लिए जरूरी तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है. उल्लेखनीय है कि मुख्य चुनाव आयुक्त का पद एक संवैधानिक पद है. महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए कम से कम 100 सांसदों का हस्ताक्षर होना चाहिए. लोकसभा व राज्यसभा मिला कर तृणमूल के सांसदों की संख्या मौसम बेनजीर नूर के इस्तीफे के बाद 41 है.

बताया गया है कि तृणमूल कांग्रेस इंडी गठबंधन से जुड़ी पार्टियों से संपर्क कर भाजपा के खिलाफ एक विरोधी प्लेटफॉर्म बनाने की कोशिश करेगी. यदि सभी हस्ताक्षर करते हैं तो तृणमूल का मकसद भाजपा विरोधी राजनीति में अपनी अलग मुकाम बनायेगी. यदि ऐसा नहीं होता है तो भाजपा विरोधी पार्टियों की मंशा पर सवाल उठाने का मौका मिल सकता है. तृणमूल को उम्मीद है कि इसमें समाजवादी पार्टी का सहयोग मिलेगा. पिछले सप्ताह ही अखिलेश यादव की मुलाकात नबान्न में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से हुई थी. आरजेडी से भी तृणमूल को समर्थन मिलने की उम्मीद है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ भी ममता बनर्जी के अच्छे रिश्ते हैं. तृणमूल को उम्मीद है कि महाभियोग के लिए जरूरी आंकड़ा जुटाया जा सकता है. एसआइआर को लेकर अन्य विपक्षी दल इतना शोर नहीं मचा रहे हैं, जितनी तृणमूल मचा रही है. हालांकि नयी दिल्ली में इस बारे में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोई टिप्पणी नहीं की. यह प्रस्ताव पास होगा या नहीं, इस पर संशय है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >