मुख्य बातें
Tollywood: कोलकाता. अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत के विरोध में और कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर टॉलीवुड इंडस्ट्री में काम बंद होने का संकट पैदा हो गया है. कलाकारों और तकनीशियनों ने घोषणा की है कि यदि सुरक्षा संबंधी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो मंगलवार से सभी टीवी सीरियल और फीचर फिल्मों की शूटिंग रोक दी जायेगी.
राहुल की मौत से कलाकारों में आक्रोश
शनिवार दोपहर टॉलीवुड के कई कलाकार सड़कों पर उतर आये. सभी के मन में एक ही सवाल था कि राहुल अरुणोदय बनर्जी को इतनी दुखद तरीके से क्यों अपनी जान गंवानी पड़ी. इस दिन आर्टिस्ट्स फोरम की ओर से रिजेंट पार्क थाने में एफआइआर दर्ज करायी गयी. उसी रात राहुल की पत्नी और अभिनेत्री प्रियंका सरकार ने तलसारी थाने में अलग से शिकायत दर्ज करायी.
कलाकारों की बैठक में लिया गया फैसला
रविवार शाम टेक्नीशियंस स्टूडियो में टॉलीवुड से जुड़े कलाकारों की एक अहम बैठक हुई. बैठक में प्रसेनजीत चटर्जी, रितुपर्णा सेनगुप्ता, शांतिलाल मुखर्जी, अंजना बसु, जिसू सेनगुप्ता, रूपंजना मित्रा, बिदिप्ता चक्रवर्ती सहित कई कलाकार मौजूद थे. बैठक के बाद आर्टिस्ट्स फोरम की ओर से शांतिलाल मुखर्जी ने घोषणा की कि शूटिंग से जुड़ीं सभी गतिविधियों को अनिश्चितकाल के लिए रोकने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि यह फैसला कलाकारों और तकनीशियनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है.
सुरक्षा को लेकर इंडस्ट्री में असुरक्षा का माहौल
शांतिलाल मुखर्जी ने कहा कि यह निर्णय आर्टिस्ट्स फोरम के लगभग चार हजार सदस्यों, फेडरेशन के सात हजार तकनीशियन सदस्यों और अन्य क्रू सदस्यों की सहमति से लिया गया है. उन्होंने कहा कि कलाकार शूटिंग के लिए जाते समय खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. उनके अनुसार, राहुल की मौत ने इंडस्ट्री को एक कड़ा सबक दिया है.
शूटिंग के दौरान एंबुलेंस रखने की मांग
फेडरेशन की ओर से स्वरूप विश्वास ने कहा कि शूटिंग के दौरान कलाकारों और तकनीशियनों को कई बार कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ता है. कभी उन्हें नदी में उतरना पड़ता है, तो कभी समुद्र या पहाड़ों पर शूटिंग करनी पड़ती है. ऐसे में सुरक्षा उपायों को अनिवार्य बनाया जाना जरूरी है. कलाकारों और तकनीशियनों की मांग है कि अब से हर शूटिंग स्थल पर एक एंबुलेंस अनिवार्य रूप से मौजूद होनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इंडस्ट्री को बचाने के लिए एकजुट हुए कलाकार
प्रसेनजीत चटर्जी ने कहा कि कलाकारों, तकनीशियनों और प्रोडक्शन से जुड़े हर व्यक्ति को काम करते समय पर्याप्त सुरक्षा मिलनी चाहिए. यह घटना पूरी इंडस्ट्री को झकझोर देने वाली है. रितुपर्णा सेनगुप्ता ने कहा कि राहुल हमें छोड़ कर चले गये, लेकिन उनकी मौत ने पूरे समुदाय को एकजुट कर दिया है. उन्होंने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी.
Also Read: ममता बनर्जी की सुरक्षा में चूक, मुख्यमंत्री के सिर के ऊपर मंडराया रहस्यमय ड्रोन
