TMC Rebel MLA Rafiqur Rahman Resignation: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के लिए ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के साथ ही पार्टी में असंतोष के स्वर तेज हो गये हैं. आमडांगा विधानसभा क्षेत्र से लगातार 3 बार जीत दर्ज करने वाले विधायक रफीकुर रहमान का पत्ता कटा, तो उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. उनके समर्थकों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया. टीएमसी ने रफीकुर रहमान का टिकट काटकर इस बार पीरजादा कासिम सिद्दीकी को मैदान में उतारा है. इस फैसले के विरोध में बुधवार को आमडांगा-कांकीनाड़ा रोड पर जबर्दस्त प्रदर्शन हुआ.
सड़कों पर उतरे समर्थक, पार्टी की जीत पर उठाये सवाल
जैसे ही पार्टी ने नये उम्मीदवार के नाम का एलान किया, रफीकुर रहमान के समर्थकों ने उत्तर 24 परगना जिले में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. टायर जलाकर और सड़कों को जाम करके समर्थकों ने रफीकुर रहमान जिंदाबाद के नारे लगाये. रहमान ने सार्वजनिक रूप से पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया है कि वह अपने फैसले पर पुनर्विचार करे. विधायक ने साफ कहा कि नये उम्मीदवार को लेकर जनता और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है. इससे इस सीट पर टीएमसी की जीत संदिग्ध हो सकती है.
मैं पार्टी नेतृत्व से अपील करता हूं कि वह अपने फैसले पर पुनर्विचार करे. स्थानीय जनता और कार्यकर्ता इस बदलाव को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं.
रफीकुर रहमान, विधायक, आमडांगा
TMC Rebel MLA Rafiqur Rahman Resignation: मैं पार्टी का सिपाही, लेकिन जनता सिद्दीकी के साथ नहीं
अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए रफीकुर रहमान ने कहा कि वह पार्टी के वफादार कार्यकर्ता हैं. आज भी तृणमूल के साथ खड़े हैं. लेकिन, उन्हें नहीं पता कि इस बार तृणमूल कांग्रेस आमडांगा में कितनी सफल होगी. आम जनता और पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता पीरजादा कासिम सिद्दीकी के समर्थन में नहीं हैं. उन्होंने साफ चेतावनी दी कि पार्टी का यह प्रयोग बंगाल चुनाव 2026 में उल्टा पड़ सकता है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
एंटी-इन्कम्बेंसी से निपटने का ममता बनर्जी का दांव
ममता बनर्जी ने इस बार सत्ता-विरोधी लहर (Anti-Incumbency) से निपटने के लिए एक बड़ा जोखिम लिया है. राज्यभर में कुल 74 विधायकों का टिकट काट दिया है. आमडांगा उन 74 सीटों में से एक है, जहां पार्टी ने ‘सोशल इंजीनियरिंग’ के तहत धार्मिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिए चेहरा बदल दिया है. हालांकि, स्थानीय स्तर पर पार्टी को इसका कड़ा विरोध झेलना पड़ रहा है.
आमडांगा में बगावत से जुड़ी खास बातें
- उत्तर 24 परगना का आमडांगा-कांकीनाड़ा रोड बना विरोध का केंद्र.
- 3 बार के विधायक रफीकुर रहमान की जगह पीरजादा कासिम सिद्दीकी को मिला टिकट.
- रहमान के समर्थकों ने टायर जलाकर और सड़क जाम कर नये उम्मीदवार का किया विरोध.
- विधायक रफीकुर रहमान ने कहा- पार्टी फैसले में बदलाव करे, वरना चुनाव जीतना मुश्किल.
इसे भी पढ़ें
पश्चिम बंगाल 2021 चुनाव परिणाम : टीएमसी 213, बीजेपी 77, पढ़ें पूरा विश्लेषण
खड़गपुर में दिलीप घोष का मेगा शो, निकाली मोटरसाइकिल रैली, बोले- टूटेगा 2016 की जीत का रिकॉर्ड
