TMC Manifesto 2026: तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. इस बार ममता बनर्जी ने 88 पेज के मेनिफेस्टो में ‘दीदी की 10 प्रतिज्ञा’ (Protigya) जारी की है. ममता बनर्जी की इस 10 महा-प्रतिज्ञा में महिलाओं, युवाओं और आवास योजनाओं पर खास फोकस है. पिछले चुनावों की तुलना में कई नयी घोषणाएं हैं, जो सीधे मतदाताओं को प्रभावित कर सकती हैं.
टीएमसी का घोषणा पत्र : इस्तेहार 2026
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) का घोषणापत्र जारी किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के हर प्रखंड में ‘दुआरे चिकित्सा’ शिविर आयोजित किये जायेंगे. ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली वित्तीय सहायता में 500 रुपए की वृद्धि का वादा किया गया है. घोषणा पत्र को ‘इस्तहार 2026’ नाम दिया गया है. ममता बनर्जी ने अपने 88 पेज का विजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए कहा कि ये प्रतिज्ञाएं अगले 5 वर्षों के सुशासन का आधार होंगी.
लक्ष्मी भंडार : अब माताओं-बहनों को मिलेंगे ज्यादा पैसे
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ममता बनर्जी ने लक्ष्मी भंडार योजना को लेकर सबसे बड़ा ऐलान किया है. ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना की मासिक सहायता राशि में 500 रुपए की सीधी बढ़ोतरी कर दी गयी है.
- सामान्य वर्ग : अब 1,500 रुपए प्रति माह (सालाना 18,000 रुपए)
- SC/ST वर्ग : अब 1,700 रुपए प्रति माह (सालाना 20,400 रुपए)
युवाओं के लिए ‘युवा-साथी’ योजना
बंगाल के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए ‘बांग्लार युवा-साथी’ परियोजना को जारी रखने का संकल्प लिया गया है. इसके तहत पात्र युवाओं को 1,500 रुपए मासिक (सालाना 18,000 रुपए) की वित्तीय सहायता दी जायेगी.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
किसानों के लिए 30,000 करोड़ का ‘कृषि बजट’
ममता बनर्जी ने किसानों और भूमिहीन खेतिहरों के लिए एक अलग ‘कृषि बजट’ लाने का वादा किया है. इसके लिए 30,000 करोड़ रुपए का विशेष प्रावधान किया जायेगा. इससे कृषि क्षेत्र का कायाकल्प करने का लक्ष्य है.
स्वास्थ्य और शिक्षा : अब घर के करीब मिलेंगी सुविधाएं
- दुआरे चिकित्सा (Doorstep Treatment): हर ब्लॉक और शहर में साल भर ‘दुआरे चिकित्सा’ शिविर लगाये जायेंगे.
- बांग्लार शिक्षा-प्रांगण : सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने के लिए विशेष निवेश किया जायेगा.
बंगाल के विकास का पहिया निरंतर घूमता रहे और हर घर में खुशहाली का दीया जले, यही मेरा उद्देश्य है। ये 10 प्रतिज्ञाएं अगले 5 साल तक सुशासन का पथ-प्रशस्त करेंगी.
ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
प्रशासनिक सुधार : 7 नये जिलों का तोहफा
प्रशासन को आम लोगों के और करीब ले जाने के लिए ममता बनर्जी ने राज्य में 7 नये जिलों के गठन की घोषणा की है. इसके साथ ही नगरपालिकाओं (Municipalities) की संख्या में भी वृद्धि की जायेगी.
अन्य योजनाएं
- आवास योजना : हर परिवार को पक्का मकान और शुद्ध पेयजल का कनेक्शन.
- बुजुर्ग सुरक्षा : वृद्धावस्था पेंशन का दायरा बढ़ाना और निरंतरता सुनिश्चित करना.
- व्यापार : बंगाल को वैश्विक व्यापार केंद्र (Global Trade Centre) बनाना.
इसे भी पढ़ें
बंगाल चुनाव 2026: TMC ने जारी की 291 उम्मीदवारों की लिस्ट, कहां से चुनाव लड़ेंगी ममता बनर्जी?
