बंगाल विधानसभा के नये कार्यकाल की शुरुआत, पहले दिन 157 नवनिर्वाचित विधायकों ने ली शपथ

Suvendu Adhikari: प्रोटेम स्पीकर तापस राय ने शपथ ग्रहण प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया. उन्होंने सभी विधायकों को संवैधानिक जिम्मेदारियों का पालन करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की सलाह दी.

Suvendu Adhikari: कोलकाता. पश्चिम बंगाल विधानसभा में बुधवार को नये राजनीतिक अध्याय की औपचारिक शुरुआत हुई. विधानसभा के पहले दिन कुल 157 नवनिर्वाचित विधायकों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह विधानसभा भवन में आयोजित किया गया, जहां प्रोटेम स्पीकर तापस राय ने सभी विधायकों को शपथ दिलाई. गुरुवार को शेष विधायक शपथ लेंगे. बुधवार को पूरे विधानसभा परिसर में नये सदस्यों के आगमन को लेकर उत्साह और राजनीतिक हलचल का माहौल देखने को मिला. शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी विधानसभा में मौजूद रहे.

मुख्यमंत्री को मिला रेड कार्पेट गार्ड ऑफ ऑनर

मुख्यमंत्री के विधानसभा पहुंचने पर उन्हें रेड कार्पेट गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. विधानसभा परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे और बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे. नवनिर्वाचित विधायकों ने संविधान के प्रति निष्ठा और राज्य की जनता की सेवा करने की शपथ ली. शपथ लेने के बाद कई विधायकों ने इसे अपने राजनीतिक जीवन का ऐतिहासिक क्षण बताया. पहली बार विधानसभा पहुंचे कई युवा विधायकों में खासा उत्साह देखा गया. वहीं वरिष्ठ नेताओं ने भी नये सदस्यों का स्वागत करते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने की बात कही. विधानसभा सचिवालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को बाकी विधायकों को शपथ दिलाई जायेगी, जिसके बाद स्पीकर के चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

मुख्यमंत्री ने दी विधायकों को बधाई

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस अवसर पर सभी विधायकों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ अपने प्रतिनिधियों को विधानसभा भेजा है, उस विश्वास को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री ने विधायकों से विधानसभा की गरिमा, संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा केवल राजनीतिक बहस का मंच नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संस्थान है. उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि वे राज्य के विकास और जनता के हित में सकारात्मक भूमिका निभाएं.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

अभी विधायकों को सदन में सीट आवंटित नहीं

विधानसभा के पहले दिन अभी विधायकों को सीट आवंटित नहीं की गयी. सूत्रों के अनुसार सभी विधायकों की शपथ प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीटों का अंतिम आवंटन किया जायेगा. सत्ता समीकरणों को देखते हुए इस बार विधानसभा का माहौल काफी बदला हुआ नजर आ रहा है.।शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कई वरिष्ठ नेताओं और नए विधायकों के बीच मुलाकात और चर्चा भी देखने को मिली. विधानसभा परिसर में मीडिया और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भी भारी भीड़ रही. विभिन्न दलों के विधायक पारंपरिक परिधान में पहुंचे, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी खास बन गया. नई विधानसभा का यह सत्र राज्य की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है. सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार आयोजित इस सत्र पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं.

Also Read: शुभेंदु अधिकारी ने ली विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ, भवानीपुर से चुने गये हैं विधायक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >