कॉलेज परिसरों में आतंक फैला रहे सत्तारूढ़ पार्टी के छात्र नेता : शुभेंदु

शुभेंदु ने कहा कि ये सभी नेता ‘भाइपो (भतीजा) गिरोह’ से जुड़े हुए हैं और अपने राजनीतिक संबंधों के कारण काफी प्रभावशाली हैं.

कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस की छात्र शाखा से कथित रूप से जुड़े 50 नेताओं की एक सूची जारी की और उन पर राज्य के कॉलेज परिसरों में आतंक राज फैलाने का आरोप लगाया. शुभेंदु ने कहा कि ये सभी नेता ‘भाइपो (भतीजा) गिरोह’ से जुड़े हुए हैं और अपने राजनीतिक संबंधों के कारण काफी प्रभावशाली हैं. ””भाइपो”” शब्द से स्पष्ट इशारा तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर है, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं. इससे पहले, शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा था : राज्य के कॉलेज परिसरों में कई मनोजीत मिश्रा हैं. उन सभी को तृणमूल के शीर्ष नेताओं का संरक्षण हासिल है और वे अभिषेक बनर्जी तथा सत्तारूढ़ पार्टी के अन्य दिग्गजों के साथ अपने संबंधों का बखान करते हैं. मनोजीत मिश्रा साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज सामूहिक बलात्कार मामले में मुख्य आरोपी है. शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को ‘भाइपो गिरोह’ के 50 सदस्यों की एक गैलरी जारी की, जिसमें उन लोगों के नाम और फोटो प्रदर्शित किये गये, जिन पर उन्होंने परिसर स्तर पर अनियमितताओं व राजनीतिक दबाव में शामिल होने का आरोप लगाया है. भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि कई लोगों को ‘उचित साक्षात्कार या योग्यता के बिना’ कॉलेज में आकस्मिक कर्मचारी के रूप में नियुक्त किया गया. ये आरोप 25 जून की रात को साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ हुई सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद लगाये गये हैं. इस घटना के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मनोजीत मिश्रा, दो वर्तमान छात्र और एक सुरक्षा गार्ड शामिल है.शुभेंदु ने राज्य सरकार की कथित तुष्टीकरण नीतियों पर भी साधा निशाना : शुभेंदु ने राज्य सरकार की कथित तुष्टीकरण नीतियों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के उदासीन रवैये के कारण एक विशेष समुदाय के गुंडे अब कांथी, लाभपुर, कमरहाटी में धार्मिक जुलूसों के दौरान और यहां तक कि सियालदह मुख्य खंड में ट्रेन में भी हथियार लहरा रहे हैं. हालांकि, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है. भाजपा नेता ने कहा कि इसके विपरीत, पुलिस रामनवमी की शांतिपूर्ण शोभा यात्रा पर लगाम लगाने में अत्यधिक सक्रिय थी, जहां पारंपरिक हथियार रखना हमारी परंपराओं का हिस्सा है. ममता बनर्जी सरकार जिहादी तत्वों पर लगाम न लगाकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन से भी आगे निकल गयी हैं और मुस्लिम लीग 2.0 का संस्करण बन गयी हैं. भाजपा इसकी अनुमति नहीं देगी. कॉलेजों में हो रहीं घटनाएं स्वीकार्य नहीं : बिमान कोलकाता. कसबा लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पूरे राज्य में हंगामा मचा हुआ है. अब इसे लेकर विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने कहा कि कॉलेजों में जो कुछ हो रहा है, वह किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है. उन्हें तुरंत बंद किया जाना चाहिए. यह अमानवीय घटनाएं हैं, जिनका कतई समर्थन नहीं किया जा सकता. गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की जयंती पर विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. बिमान बनर्जी ने विधानसभा में ज्योति बसु के बारे में कहा : ज्योति बसु निस्संदेह पश्चिम बंगाल का एक उज्ज्वल नाम है. बंगाल को एकजुट रखने में उनके योगदान को नकारा नहीं जा सकता. जिस तरह से उन्होंने राजनीतिक भावना से ऊपर उठकर राज्य को आगे बढ़ाने की कोशिश की, निसंदेह यह सराहनीय है. उनकी मदद से कम्युनिस्ट पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनायी है. अभी उनकी पार्टी में ज्योति बसु जैसे नेता की कमी खल रही है. मुझे उम्मीद है कि भविष्य में ऐसा कोई नेता जरूर उभरेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >