टेंडर जारी होने से पहले ही पूरा हो गया सड़क बनाने का काम!

कृष्णानगर नगरपालिका में निविदा प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर हुई है.

संवाददाता, कोलकाता.

कृष्णानगर नगरपालिका में निविदा प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर हुई है. आरोप है कि नगरपालिका के वार्ड 24 में कदमतला इमर्जेंस घाट से 500 मीटर लंबी सड़क का निर्माण टेंडर जारी होने से पहले ही अवैध रूप से कर दिया गया. इसे लेकर नगरपालिका के पार्षदों के एक वर्ग ने अब अदालत का दरवाजा खटखटाया है.

उन्होंने नगरपालिका के उप चेयरमैन नरेश चंद्र दास और नगरपालिका के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये हैं. इस मामले की सुनवाई हाइकोर्ट में अवकाशकालीन पीठ में होने की संभावना है.

बताया गया है कि नगरपालिका की ओर से निविदा का नोटिस 25 सितंबर को जारी किया गया था. निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 16 अक्तूबर व खुलने की तिथि 25 अक्तूबर है. लेकिन आरोप है कि इस बीच 30 सितंबर के पहले ही सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. कृष्णानगर नगरपालिका की प���र्व चेयरपर्सन और वार्ड नौ की पार्षद रीता दास समेत आठ पार्षदों ने इसे लेकर हाइकोर्ट में याचिका दायर कर कहा है कि निविदा जारी होने से पहले काम कैसे पूरा हो गया? काम किसे मिला, काम कैसे पूरा हुआ, पैसा कहां गया. इन सभी की जांच होनी चाहिए. उन्होंने अपनी याचिका में कहा है कि यही सड़क दो साल पहले 23 लाख रुपये में बनी थी. उस समय टेंडर में ठेकेदार के साथ एक समझौता हुआ था, अगर पांच साल के भीतर सड़क किसी भी तरह से खराब होती है, तो ठेकेदार को उसकी मरम्मत करनी होगी. पार्षदों ने इस काम के लिए दोबारा टेंडर बुलाये जाने पर भी सवाल उठाये हैं. उन्होंने कहा कि इस सड़क के पुनर्निर्माण की लागत इस बार 45 लाख रुपये बतायी गयी है, पहले की तुलना में लगभग दोगुना है.

गौरतलब है कि कृष्णानगर नगरपालिका के उप चेयरमैन नरेश चंद्र दास पर नगरपालिका के निर्दलीय और कांग्रेसी पार्षदों की मदद से तृणमूल कांग्रेस के निर्वाचित चेयरमैन को पद से हटाने का आरोप लगा था. अब, कृष्णानगर नगरपालिका के आठ पार्षदों ने टेंडर भ्रष्टाचार के आरोप में उनके खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Subodh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >