कोलकाता. महानगर में जलाशयों के संरक्षण के लिए कोलकाता नगर निगम की ओर से तालाबों की जियो टैगिंग करायी गयी है. ताकि, इनकी निगरानी हो सके और इन्हें पाटने से बचाया जा सके. पर निगम की इन कोशिशों के बावजूद कोलकाता में तालाबों को पाटे जाने की शिकायतें निगम को मिल रही हैं. शुक्रवार को निगम में टॉक टू मेयर कार्यक्रम में बेहला के 128 नंबर वार्ड निवासी सौम्य मुखर्जी ने बकुलतला इलाके के गुलेपाड़ा रोड में दो तालाबों को पाटे जाने की शिकायत मेयर से की. उन्होंने बताया कि एक तालाब को पाट दिया गया है. दूसरे तालाब में रोज आधी रात को मिट्टी डाली जा रही है. एक अन्य तालाब को पाट कर इमारत भी खड़ी कर दी गयी है. यह सुनने के बाद मेयर भड़क गये. उन्होंने निगम के पर्यावरण विभाग के अधिकारियों को शनिवार को उक्त इलाके का निरीक्षण करने का निर्देश दिया. मेयर ने कहा कि अगर शिकायत सही पायी जाती है, तो निगम की ओर से स्थानीय थाने के ऑफिसर इंचार्ज (ओसी) के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी जायेगी. बता दें कि उक्त इलाके में साढ़े पांच से छह कट्टा जमीन पर तालाब है, जिसे पाटा जा रहा है. मेयर ने निगम अधिकारियों को जांच के बाद तुरंत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया. साथ ही मेयर ने बताया कि महानगर के सभी तालाबों की जियो टैगिंग की गयी है. अब एक भी तालाब को पाटने नहीं दिया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
