स्टेशन परिसर में महिला अपनी दो बेटियों के साथ सोयी हुई थी
संवाददाता, हावड़ा.
सोती हुई मां की गोदी से बच्ची को ले भागे अपहरणकर्ता. यह घटना हावड़ा स्टेशन के ओल्ड कांप्लेक्स में हुई है. घटना के बाद परिजनों ने हावड़ा जीआरपी में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. मिली शिकायत के आधार पर हावड़ा स्टेशन के रेलवे राजकीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. बुधवार रात, हावड़ा स्टेशन पर उक्त घटना का अंजाम दिया गया. घटना की जानकारी होने के बाद यात्री सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को दक्षिण 24 परगना जिले के लक्ष्मीकांतपुर निवासी एक महिला हुगली स्थित अपने मायके से हावड़ा स्टेशन पहुंची थी. महिला के साथ उसकी दो बेटियां भी थीं. महिला हुगली स्थित अपने मायके से अपने घर ( उत्तर 24 परगना ) जाने के लिए हावड़ा स्टेशन आयी थी. रात होने के कारण महिला अपने बच्चों के साथ स्टेशन पर ही सो गयी. वह जब नीद से उठी तो देखा उसकी छोटी बेटी (8) उसके पास नहीं है. इस घटना से हावड़ा स्टेशन पर हड़कंप मच गया.
महिला ने अपने शिकायत में एक महिला सहयात्री पर आरोप लगाते हुए बताया कि एक महिला उसके बच्चों के साथ खेल रही थी. उसने उनकी बेटियों के साथ बातचीत शुरू कर दी. महिला की शिकायत के आधार पर जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है. जीआरपी द्वारा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला गया है. सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्ची के साथ भागती हुई भी दिखाई दे रही है. हालांकि अभी तक वह अज्ञात महिला पुलिस की पकड़ से बाहर है. महिला अपहरणकर्ता प्लेटफॉर्म नंबर एक से हावड़ा स्टेशन के पास बस स्टैंड तक गयी. उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है. जीआरपी जांच टीम महिला की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि महिला बच्चा चोरी करने वाले गिरोह में शामिल हो सकती है. जीआरपी सूत्रों के अनुसार अभी तक फिरौती की मांग का कोई कॉल नहीं आया है. रेलवे पुलिस अधीक्षक पुष्पा ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली है कि एक बच्ची का अपहरण कर लिया गया है. सुरक्षा कारणों से मामले को गुप्त रखा गया है. जांच तेजी से चल रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
