जेयू के कुलपति अस्पताल में भर्ती, ब्रात्य बसु देखने पहुंचे

राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु बुधवार को जादवपुर विश्वविद्यालय के अस्वस्थ अंतरिम कुलपति भास्कर गुप्ता से मिलने अस्पताल पहुंचे.

संवाददाता, कोलकाता

राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु बुधवार को जादवपुर विश्वविद्यालय के अस्वस्थ अंतरिम कुलपति भास्कर गुप्ता से मिलने अस्पताल पहुंचे. वीसी को बुधवार सुबह बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. यह सूचना मिलते ही शिक्षा मंत्री उनके स्वास्थ्य का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे.

जेयू के वीसी के परिवार ने दावा किया है कि वह शनिवार रात से ही अस्वस्थ थे. बुधवार सुबह स्थिति और बिगड़ गयी. कुलपति का रक्तचाप तेजी से बढ़ गया, जो दवा के बाद भी नियंत्रण में नहीं आ रहा था. परिणामस्वरूप, उन्हें अस्पताल ले जाया गया और डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया. रिपोर्ट्स के अनुसार कुलपति फिलहाल एक हृदय रोग विशेषज्ञ और एक न्यूरोलॉजिस्ट की देखरेख में हैं. उनके उपचार के प्रभारी हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ अरिंदम विश्वास के हवाले से कहा गया कि उनके रक्तचाप में उतार-चढ़ाव हो रहा है. दवा से भी इसे नियंत्रित नहीं किया जा सका. चूंकि कुछ वर्ष पहले उन्हें मस्तिष्काघात हुआ था, इसलिए हमने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करा दिया. नयी रिपोर्ट के अनुसार वीसी का रक्तचाप 170-90 के बीच है. डॉक्टरों को यह भी चिंता है कि उन्हें मस्तिष्क रक्तस्राव हो सकता है, इसलिए, उन्हें फिलहाल अस्पताल में निगरानी में रखने का निर्णय लिया गया है. पिछले शनिवार को जादवपुर विश्वविद्यालय में हुए हंगामे में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये. उसी रात कुलपति घायलों को देखने अस्पताल गये. उस समय छात्रों के एक वर्ग ने उनके चारों ओर विरोध प्रदर्शन किया और अराजकता का माहौल बन गया. वीसी के परिजनों का दावा है कि घटना के बाद भास्कर बीमार पड़ गये थे. मंगलवार को प्रदर्शनकारी छात्रों ने 24 घंटे के अंदर उनको बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा था, इसके बाद बुधवार की सुबह उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >