इकबालपुर हिंसा: तीन एफआइआर दर्ज, भाजपा उम्मीदवार समेत नौ आरोपी गिरफ्तार

Iqbalpur violence: राकेश सिंह पर सर्विस रिवॉल्वर छीनने का आरोप लगाया गया है. भाजपा ने इस माले में पलटवार करते हुए कहा है कि लाठीचार्ज के बाद झूठे मामले में पार्टी कार्यकर्ताओं को फंसाया गया है.

Iqbalpur violence: कोलकाता. इकबालपुर इलाके में सोमवार रात भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन एफआईआर दर्ज की हैं. इस मामले में दोनों पक्षों के कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, दर्ज दो एफआइआर में कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राकेश सिंह को नामजद किया गया है. उनके खिलाफ पुलिस की सर्विस रिवॉल्वर छीनने का आरोप भी लगाया गया है. वहीं तीसरी एफआइआर में भाजपा की सभा में हमला करने वाले चार लोगों के नाम दर्ज हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके अलावा पहले दो मामलों में पांच भाजपा कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है.

चुनाव आयोग से शिकायत

घटना को लेकर भाजपा उम्मीदवार राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पहले भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया और बाद में उन्हें झूठे मामले में फंसा दिया. उन्होंने कहा कि इस संबंध में चुनाव आयोग से शिकायत की गयी है और कानूनी राय ली जा रही है. प्राथमिक जांच के मुताबिक, सोमवार शाम इकबालपुर के हुसैन शाह रोड पर राकेश सिंह के समर्थन में एक सभा आयोजित की गयी थी. आरोप है कि सभा के दौरान स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने भी नारे लगाये. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गयी और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गयी. इसके बाद पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में राकेश सिंह अपने समर्थकों के साथ इकबालपुर थाने के सामने धरने पर बैठ गये. इसी दौरान तृणमूल कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गये और दोनों गुटों के बीच झड़प हो गयी.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार

भाजपा की ओर से एक वकील ने शिकायत दर्ज करायी है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने राकेश सिंह और उनके समर्थकों पर हमला किया, जिसमें राकेश सिंह घायल हो गये और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा. पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मंगलवार सुबह से इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बतायी जा रही है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. वहीं, घटना में घायल इकबालपुर थाने के ओसी से अस्पताल में कोलकाता पुलिस के आयुक्त अजय नंद ने मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली.

Also Read: इकबालपुर में भाजपा की सभा के दौरान हंगामा, तृणमूल समर्थकों के साथ झड़प

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >